रांची। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में उनके साथ कथित मारपीट की सूचना को लेकर रांची प्रेस क्लब में शुक्रवार को पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया और पूरे घटनाक्रम पर गंभीर चिंता जताते हुए अभिषेक भारती की सुरक्षा, बेहतर चिकित्सा सुविधा और कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अभिषेक भारती फिलहाल न्यायिक हिरासत में सिमडेगा जेल में बंद हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की सूचना तथा न्यायालय में उन्हें व्हीलचेयर पर पेश किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद पत्रकारों ने उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। बैठक में बताया गया कि अभिषेक भारती मधुमेह और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित हैं। ऐसे में उन्हें तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
मुख्य न्यायाधीश और सरकार को भेजा पत्र
रांची प्रेस क्लब ने मामले में हस्तक्षेप और तत्काल संज्ञान लेने के लिए झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, गृह विभाग के प्रधान सचिव तथा जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजा है।
पत्र के माध्यम से पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच, स्वतंत्र चिकित्सकीय परीक्षण, संबंधित सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। साथ ही अभिषेक भारती की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके बेहतर इलाज के लिए एम्स, नई दिल्ली में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार करने का आग्रह किया गया है। आवश्यकता के अनुसार उन्हें किसी अन्य जेल में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई है।
दो समितियों का गठन
बैठक में मामले के न्यायिक और कानूनी पहलुओं पर आगे की कार्रवाई तय करने के लिए एक समिति गठित की गई। इसके अलावा पूरे घटनाक्रम के तथ्यों की पड़ताल, संबंधित परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों का आकलन करने के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया।
प्रेस क्लब ने कहा कि कमेटी उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की परिस्थितियों को समझने का प्रयास करेगी।
देशभर के पत्रकार संगठनों से समर्थन की अपील
रांची प्रेस क्लब ने देशभर के प्रेस क्लबों, पत्रकार संगठनों और पत्रकारों से मामले में एकजुटता और समर्थन की अपील की है। क्लब का कहना है कि पत्रकारों की सुरक्षा, गरिमा, स्वतंत्रता और कानूनी अधिकारों का सवाल किसी एक संस्थान या राज्य तक सीमित नहीं है।
प्रेस क्लब के अनुसार, पुलिस हिरासत में किसी पत्रकार के साथ कथित हिंसा की सूचना सामने आने पर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। ऐसे मामलों में प्रेस संगठनों की सामूहिक आवाज लोकतांत्रिक मूल्यों और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बैठक में रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, प्रभात खबर के स्थानीय संपादक संजय मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार गंगेश गुंजन, पूर्व सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरकांत, पूर्व सचिव अखिलेश सिंह, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य अशोक गोप, चंदन वर्मा, विजय गोप, वरिष्ठ पत्रकार संपूर्णानंद भारती सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
*****************************