Ranchi's Nucleus Mall sold for Rs 375 crore, with a registry fee of Rs 26.25 crore.

रांची। राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित चर्चित न्यूक्लियस मॉल का स्वामित्व बदल गया है। मॉल का सौदा 375 करोड़ रुपये में हुआ है। शुक्रवार को इसकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई।

रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, मॉल के पूर्व मालिक विष्णु अग्रवाल ने संपत्ति की रजिस्ट्री विवेक कुमार सिंह के नाम कराई है। इस सौदे के लिए खरीदार पक्ष की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क जमा किया गया। इस तरह रजिस्ट्री से जुड़े शुल्क के रूप में कुल 26.25 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।

1.59 एकड़ जमीन पर बना है मॉल

सर्कुलर रोड पर स्थित न्यूक्लियस मॉल करीब 1.59 एकड़ जमीन पर विकसित किया गया है। इसका निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। मॉल में 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं।

न्यूक्लियस मॉल में व्यावसायिक गतिविधियां 12 फरवरी 2017 से शुरू हुई थीं। करीब एक दशक से यह राजधानी रांची के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्रों में शामिल है।

375 करोड़ रुपये की यह डील रांची के रियल एस्टेट कारोबार में बड़ी खरीद-बिक्री के रूप में सामने आई है। मॉल के स्वामित्व में बदलाव के बाद अब कारोबारी क्षेत्र में नए प्रबंधन और भविष्य की व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

******************************