हजारीबाग। राहुल दुबे गैंग के प्रमुख सरगनाओं में शामिल बताए जा रहे तुषार मिश्रा ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मियों की तत्परता के चलते उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायल तुषार मिश्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा को एक दिन पहले ही पुलिस रिमांड पर लिया गया था। देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान उसने मौका पाकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
भागने के प्रयास के दौरान तुषार मिश्रा गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
***********************