Major action by the ACB in Dumka raid conducted at the home of a retired watchman; Rs 5.08 lakh in cash recovered.

दुमका। भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दुमका में बड़ी कार्रवाई की है। 19 नवंबर 2026 को दुमका थाना कांड संख्या 07/2026, दिनांक 2 नवंबर 2026 से जुड़े मामले में न्यायालय के आदेश पर सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के घर की तलाशी ली गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, धीरन माल, पिता स्वर्गीय झुरू माल, ग्राम गढ़वाड़ी, थाना महेशपुर, जिला पाकुड़ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। इसी मामले में न्यायालय के आदेश के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी, दुमका एवं स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गृह तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान गढ़वाड़ी स्थित धीरन माल के घर के सामान के साथ करीब 4,000 वर्गफीट जमीन और उस पर बने पक्के दो मंजिला मकान का आकलन किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 90 लाख 53 हजार 440 रुपये बताई गई है।

घर से 5.08 लाख रुपये नकद बरामद

ACB की तलाशी के दौरान धीरन माल के घर से 5,08,560 रुपये नकद बरामद किए गए। प्रेस विज्ञप्ति में इस रकम को Unaccounted Money यानी बेहिसाब धन बताया गया है।

इसके अलावा 1,000 रुपये के 24 विमुद्रीकृत पुराने नोट भी बरामद किए गए, जिनकी कुल अंकित राशि 24,000 रुपये है।

ACB के अनुसार, तलाशी के दौरान धीरन माल द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से अर्जित की गई करोड़ों रुपये मूल्य की अन्य अचल संपत्तियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई है।

***********************