सिमडेगा। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दिलीप तिर्की की गिरफ्तारी रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा जंगल से की गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामले को लेकर सिमडेगा पुलिस की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने बताया कि विधायक प्रकरण को लेकर पाकड़टांड़ थाना में नाबालिग के परिजनों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकी में नाबालिग के अपहरण तथा दबाव बनाकर विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया था। इसी मामले में दिलीप तिर्की को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। तकनीकी सहायता के जरिए उसकी लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे जोन्हा जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
***********************