Jharkhand Police on alert for Chhath; additional forces deployed in 14 sensitive districts

रांची, 12 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य के 14 संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला, बोकारो, पलामू, गढ़वा, लातेहार, रामगढ़, देवघर, धनबाद और साहिबगंज में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं। इनमें रैपिड एक्शन पुलिस, महिला लाठी बल और अश्रु गैस दस्ते भी शामिल हैं।

सुरक्षा बलों की तैनाती 13 नवंबर की सुबह से 16 नवंबर की सुबह तक प्रभावी रहेगी। छठ पर्व समाप्त होने के बाद 16 नवंबर की दोपहर में रांची और जमशेदपुर में पहले से तैनात बलों को छोड़कर अन्य अतिरिक्त बलों को उनकी मूल वाहिनी या इकाई में वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

पुलिस ने छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष तैयारी की है। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, छठ घाटों पर बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों की मौजूदगी को देखते हुए महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छिनतई, चोरी, छेड़खानी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी की जाएगी।

आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने कहा कि छठ पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी जिलों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेकर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

*************************