नई दिल्ली। देश के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से चलाए जा रहे ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ अभियान को व्यापक भागीदारी मिल रही है। इस अभियान के तहत 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में आयोजित 60 कार्यक्रमों में 11,800 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के अंतर्गत संचालित इस पहल के तहत अब तक 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 220 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 43,995 युवाओं और 220 युवा आइकनों की भागीदारी दर्ज की गई है।
यह राष्ट्रव्यापी अभियान 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को उनके मताधिकार, चुनावी प्रक्रिया और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।

जनप्रतिनिधियों और युवा आइकनों ने किया संवाद
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को मतदान के अधिकार और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के नदिया में सांसद जगन्नाथ सरकार और असम के नगांव में सांसद देवाशीष शर्मा ने युवाओं के साथ संवाद किया। बिहार के पूर्वी चंपारण और सिवान में लोकतांत्रिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, कटिहार में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद ने युवाओं को मतदान के महत्व और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया।
हरियाणा के पानीपत में वुशु खिलाड़ी एवं युवा आइकन आर्यन सूद ने युवाओं से राजनीति में भागीदारी, मतदान जागरूकता और खेलों में करियर के अवसरों पर चर्चा की। पंजाब के मानसा में भी युवा आइकन और प्रतिभागियों के बीच संवाद हुआ तथा सामूहिक लोकतांत्रिक शपथ दिलाई गई।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी युवाओं की भागीदारी
मध्य प्रदेश के बड़वानी, बालाघाट, भिंड, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, गुना, पन्ना, रतलाम और सागर में युवा संवाद आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, खेल हस्तियों और युवा आइकनों ने युवाओं के साथ विभिन्न विषयों पर बातचीत की। साथ ही माय भारत के डिजिटल प्लेटफॉर्म और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश के अमेठी (सुल्तानपुर) में आयोजित कार्यक्रम में इन्फ्लुएंसर ऋषभ मिश्रा सहित विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में कविता पाठ, प्रेरक संबोधन और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किए गए।
माय भारत की इस पहल के माध्यम से युवाओं को जनप्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से सीधे संवाद करने का अवसर मिल रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोकतंत्र में उनकी सक्रिय, जिम्मेदार और सूचित भागीदारी सुनिश्चित करना है।
**************************