(व्यंग्य)
दिलीप सिंह
नुक्कड़ पर मिल गए रामखेलावन भाई।
हमारे घर से थोड़ी ही दूर पर उनका भी घर है। अक्सर हम लोगों की मुलाकात नुक्कड़ पर ही हो जाती है, क्योंकि उनका ड्यूटी से लौटने का और मेरा ड्यूटी पर जाने का वक्त लगभग एक ही है। रास्ते में ही दुआ-सलाम हो जाती है।
आज भी वही मुलाकात हुई।
हमने कहा—
“रामखेलावन भाई, चलिए चाय पी लेते हैं।”
बगल में ही चाय की एक टपरी है। हम लोग अक्सर वहीं बैठकर चाय पीते हैं।
बात दो दिन पहले की है।
रामखेलावन भाई की पत्नी, यानी हमारी भाभी, एक दिन मिल गईं। बोलीं—
“भैया, थोड़ा इनको समझाते काहे नहीं हैं?”
हमने पूछा—
“काहे, का हुआ?”
भाभी बोलीं—
“आजकल चुनाव लड़ने की बात करते हैं। रात में सोते-सोते भी बड़बड़ाते रहते हैं—‘हमरा कट मनी काहे नहीं दिया? अगला बार तेरा टेंडर बंद!’”
हमने सोचा—
मामला गंभीर है।
आज रामखेलावन भाई को समझाना ही पड़ेगा।
हमने चाय का एक घूँट लिया और सीधे मुद्दे पर आ गए—
“ए रामखेलावन भाई, सुन रहे हैं कि आप चुनाव लड़ रहे हैं?”
रामखेलावन भाई तपाक से बोले—
“हाँ भैया, सच तो सुन रहे हैं!”
हमने कहा—
“रामखेलावन भाई, अपना अच्छा-खासा जीवन काहे बर्बाद करने पर तुले हुए हैं? इतनी अच्छी-खासी नौकरी है। यहाँ कम से कम घर-द्वार तो है। अगर मैनेजमेंट को पता चल गया कि आप चुनाव लड़ रहे हैं तो आपका प्रमोशन करके बहुत दूर भेज देगा। तब समझ में आएगा!”
आपको एक राज की बात बताता हूँ।
हमारे यहाँ प्रमोशन का मतलब तरक्की नहीं, सजा है।
मैनेजमेंट आपको इतना दूर ट्रांसफर कर देगा कि या तो नौकरी से इस्तीफा दीजिए या सब कुछ छोड़कर किसी दूर-दराज प्रांत में नौकरी कीजिए।
रामखेलावन भाई थोड़ा सोच में पड़ गए।
वैसे अक्सर ऐसा होता है कि अगर हम मैनेजमेंट, संपादक या मैनेजमेंट के किसी दरबारी की आँखों में खटक गए तो हमारा बड़ी जल्दी “प्रमोशन” हो जाता है।
और ऐसा प्रमोशन मिलता है कि आदमी सोचने लगता है—
“नौकरी करूँ या घर-गृहस्थी बचाऊँ?”
यहाँ यूनियन भी बहुत काम नहीं आती।
क्योंकि कई बार यूनियन का नेता ही मैनेजमेंट या संपादक का दरबारी होता है।
खैर, हमने रामखेलावन भाई से पूछा—
“अचानक चुनाव लड़ने का विचार मन में कैसे आया?”
रामखेलावन भाई ठहरे सीधे-सादे आदमी।
तपाक से बोले—
“भैया, देख नहीं रहे हैं? चुनाव जीतने के बाद सब अपना वोटिंग सेटिंग करते रहता है। कभी बड़े लोगों के साथ, कभी अधिकारियों के साथ, कभी नेताओं के साथ बड़े-बड़े फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया में डालते रहता है।”
फिर थोड़ा रुककर बोले—
“हमरा पत्नी भी बोलती है—‘देखिए, आप ही लोग का दोस्त है। कितना बड़े-बड़े लोगों से जान-पहचान है। देखिए, आपसे तो रोड पर एगो कुत्ता भी नहीं डरता!’”
रामखेलावन भाई ने गहरी साँस ली।
बोले—
“बस भैया, यही बात हमारे दिल में लग गई।”
“सोचे कि हम भी चुनाव लड़ लेते हैं।”
फिर आवाज थोड़ी धीमी करके बोले—
“साथ में बहुतों के मुँह से सुन रहे हैं कि कट मनी करके भी कुछ होता है। टेंडर लेने वालों से लिया जाता है। तो इससे दो काम ना हो जाएगा भाई—एक तरफ पहचान बन जाएगा और दूसरी तरफ थोड़ा-बहुत कमाई भी हो जाएगी!”
हमने रामखेलावन भाई को समझाते हुए कहा—
“रामखेलावन भाई, चुनाव ऐसे थोड़े ही लड़ा जाता है!”
“चुनाव में मुर्गा-दारू की पार्टी देनी पड़ती है। पैसा चाहिए। गाड़ी चाहिए। आदमी चाहिए। सबसे बड़ी बात—हर घर जाकर हाथ जोड़कर वोट माँगना पड़ेगा।”
रामखेलावन भाई थोड़ी देर तक मेरा मुँह ताकते रहे।
फिर बोले—
“भैया, ई तो हमसे ना होगा।”
हमने पूछा—
“काहे?”
बोले—
“ना तो दारू-पार्टी का पैसा है और ना ही घर-घर जाकर हाथ जोड़ने की कला हमारे पास है।”
मैंने कहा—
“रामखेलावन भाई, मेरा एक बात मानिए।”
“जहाँ प्रेस क्लब का चुनाव हो रहा है, वहाँ आप एक वोटर की हैसियत से जाइए और दिनभर बैठे रहिए।”
“देखिएगा, सब लोग आपके पास हाथ जोड़कर वोट माँगने आएँगे।”
“जो आपको पीठ पीछे गरियाता रहता है, वही आपके सामने ऐसा दिखाएगा जैसे आप उसका सगा भाई हों।”
रामखेलावन भाई को मेरी बात दिल में लग गई।
अब वह चुनावी दरबार में जाकर एक वोटर की हैसियत से बैठ गए हैं।
और मजे की बात देखिए—
अब हर प्रत्याशी उनके सामने हाथ जोड़कर वोट माँग रहा है।
कोई कह रहा है—
“रामखेलावन जी, आपका आशीर्वाद चाहिए।”
कोई कह रहा है—
“भाई साहब, इस बार आप साथ दे दीजिए।”
कोई उनके पैर छूने की तैयारी में है।
और रामखेलावन भाई?
उनका चेहरा ऐसा खिल रहा है जैसे अभी-अभी कोई बहुत बड़ा पद मिल गया हो।
एक दिन हमने सोचा—
आजकल रामखेलावन भाई दिखाई नहीं दे रहे हैं।
सोचा फोन ही लगा लिया जाए।
फोन लगाया और पूछा—
“कहाँ हैं रामखेलावन भाई?”
उधर से आवाज आई—
“भैया, हम तो चुनावी दरबार में बैठे हैं।”
हमने पूछा—
“का कर रहे हैं?”
बोले—
“बहुत मजा आ रहा है भैया। सारे प्रत्याशी हाथ जोड़कर मिल रहे हैं। जो लोग कल तक हमें पहचानते तक नहीं थे, आज वही हमारे आगे-पीछे घूम रहे हैं।”
हमने कहा—
“अच्छा, मजा लीजिए।”
और फोन रख दिया।
फोन रखने के बाद हम मन ही मन सोचने लगे—
आज सभी प्रत्याशी रामखेलावन भाई के सामने हाथ जोड़ रहे हैं।
लेकिन चुनाव जीत जाने के बाद…
यही वोटर दो साल तक जीतने वाले प्रत्याशी के पास हाथ जोड़ता रहेगा।
चिट्ठी लेकर जाएगा।
आवेदन लेकर जाएगा।
अपनी समस्या लेकर जाएगा।
और जीतने वाला प्रत्याशी?
कान में तेल डालकर आराम से सोता रहेगा।
न चिट्ठी का जवाब मिलेगा, न फोन उठेगा और न मुसीबत के समय कोई पास खड़ा मिलेगा।
फिर हम जैसे लोग अपने ही वोट को कोसते हुए अगले चुनाव तक इंतजार करेंगे।
और तब तक सिर्फ वही लोग उनके आसपास दिखाई देंगे जिनका—
राग दरबारी मजबूत होगा।
बाकी सदस्य?
वह फिर किसी दिन चाय की टपरी पर बैठकर यही चर्चा करेंगे—
“चुनाव के पहले तो सब हाथ जोड़ रहे थे, अब मिलने का समय भी नहीं है!”
क्योंकि चुनाव का भी अपना मौसम होता है—
चुनाव से पहले हर वोटर खास होता है,
और चुनाव जीतने के बाद वही वोटर सिर्फ एक नंबर रह जाता है।
बाकी…
आप खुद समझदार हैं।
******************************