डिंपल यादव सहित 151 यात्री थे सवार
लखनऊ 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली के लिए उड़ान भरने जा रही इंडिगो की फ्लाइट टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिसके चलते पायलट को रनवे पर ही इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। फ्लाइट में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव सहित कुल 151 यात्री सवार थे।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 10:55 बजे फ्लाइट जब रनवे पर तेज गति से दौड़ रही थी, तभी पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी महसूस की। रनवे के अंतिम छोर तक पहुंचने से पहले ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया। पायलट की सतर्कता और तुरंत लिए गए फैसले ने एक संभावित दुर्घटना को टाल दिया।
घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से टर्मिनल पर वापस लाया गया। इंडिगो एयरलाइन ने तकनीकी खराबी की पुष्टि की है और कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सभी जरूरी उपाय किए गए। एयरलाइन ने सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में स्थानांतरित कर दिल्ली रवाना कर दिया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के चलते कुछ देर के लिए हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।
उन्होंने पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिससे सभी लोग सुरक्षित रहे। फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 11:00 बजे था और दिल्ली में लैंडिंग का समय 12:10 बजे तय किया गया था। हालांकि तकनीकी खराबी के कारण इस उड़ान में देरी हुई। फिलहाल एयरलाइन की
इंजीनियरिंग टीम विमान की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आगे ऐसी कोई समस्या न हो।
**********************