रांची जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता फैलाना, महिलाओं एवं किशोरियों में स्वच्छ प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा माहवारी अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान की आदत विकसित करना है
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की निदेशक श्रीमती रंजीता हेम्ब्रम ने की। उन्होंने माहवारी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी शपथ दिलाई
रांची,05.06.2026 – स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल रांची पश्चिम के अंतर्गत “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” अभियान चरण-VII का समापन आज रातु प्रखंड के मुरचू गांव में किया गया। अभियान 29 मई से 4 जून 2026 तक चला।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रांची जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता फैलाना, महिलाओं एवं किशोरियों में स्वच्छ प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा माहवारी अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान की आदत विकसित करना है। इस वर्ष अभियान के माध्यम से माहवारी संबंधी सेवाओं, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए पूरे राज्य को “माहवारी अनुकूल” बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
समापन कार्यक्रम में यूनिसेफ के WASH विशेषज्ञ श्री कुमार प्रेमचंद एवं राज्य समन्वयक श्रीमती श्रेया अग्रवाल ने माहवारी स्वच्छता पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि माहवारी के दौरान किशोरियों एवं महिलाओं को शरीर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए, पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए तथा उपयोग किए गए पैड या कपड़े को मिट्टी खोदकर गड्ढे में दबाना चाहिए। खुले में फेंकने से संक्रमण का खतरा बढ़ता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की निदेशक श्रीमती रंजीता हेम्ब्रम ने की। उन्होंने माहवारी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की और उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी शपथ दिलाई। पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम में वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, रांची पश्चिम, जिला समन्वयक, किशोरी बचाओ अभियान की टीम, ग्रामीण स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका, मुखिया, जल सहिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित रहीं।
**************************