अय्यर-अश्विन ने छीनी बांग्लादेश से जीत, भारत ने सीरीज में 2-0 से किया क्लीन स्वीप

ढाका ,26 दिसंबर (एजेंसी)। आर अश्विन और श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर मझधार में फंसी टीम इंडिया की नाव को निकाल दिया और बांग्लादेश के खिलाफ हाथ से जाते दिख रहे मुकाबले में मिलकर भारत को 3 विकेट जीत दिला दी। इसी के साथ भारत ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप भी कर लिया है। केएल राहुल की अगुआई में भारत सीरीज में 1-0 की बढ़त के साथ दूसरे टेस्ट मैच में उतरा था और उसके पास वनडे सीरीज की हार का हिसाब बराबर करने का यही मौका था, मगर आज एक समय भारत के हाथ से मुकाबला निकलता दिख रहा था।

145 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने अपने 7 विकेट 74 रन पर ही गंवा दिए थे। मुकाबला बुरी तरह से फंस गया था और ऐसे समय में अय्यर और अश्विन ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को रोमांचक जीत दिलाई। दोनों के बीच 71 रन की अटूट साझेदारी हुई जिसमें अश्विन 42 रन और अय्यर 28 रन पर नाबाद रहे।

चौथे दिन की शुरुआत भारत ने 4 विकेट पर 45 रन से आगे खेलते हुए की। अक्षर पटेल ने भी अपनी 26 रन की पारी को आगे बढ़ाई, मगर बांग्लादेश के गेंदबाजों ने पहले ही सेशन में लगभग भारत की हार की कहानी लिख ही दी थी, मगर फिर अय्यर और अश्विन की जोड़ी दीवार बनकर खड़े हो गई, जिसे बांग्लादेश तोड़ नहीं पाया। इन्हीं के दम पर भारत ये मैच 3 विकेट से जीत गया।

*****************************

 

आईफोन भी नहीं किसी से कम! 26वीं मंजिल से गिरने पर भी 12 प्रो बिल्कुल सुरक्षित

हांगकांग ,26 दिसंबर (एजेंसी)। एक चीनी महिला ने दावा किया है कि उसका एप्पल आईफोन 12 प्रो एक इमारत की 26वीं मंजिल से गिर गया और फिर भी उसको कोई नुकसान नहीं हुआ। महिला ने बताया कि 26वीं मंजिल की बालकनी पर रजाई बिछाते समय उसकी जेब से स्मार्टफोन नीचे गिर गया।

स्मार्टफोन इमारत की दूसरी मंजिल पर फोम से बने फर्श पर गिरा। लेकिन फोन को कोई भी नुकसान नहीं हुआ। रिपोर्ट में कहा गया, आईफोन 12 प्रो में एक सुपर-सिरेमिक पैनल और एक मैट टेक्सचर्ड ग्लास बैक पैनल है। यह एक स्टेनलेस-स्टील फ्रेम के साथ आता है जो उत्कृष्ट गुणवत्ता का है। इससे पहले भी आईफोन के गिरने और नुकसान न होने की खबरें आती रही हैं।

*******************************

 

बैंकिंग से लेकर जीएसटी तक में नए साल के पहले दिन से होने वाले हैं बड़े बदलाव

*आप पर होगा सीधा असर*

नई दिल्ली ,26 दिसंबर (एजेंसी)।  कुछ ही दिनों में नए साल की शुरुवात होने वाली इसके साथ ही बैंकिंग सिस्टम में भी कई बड़े बदलाव होने वाले हैं जिसका असर सीधा आम आदमी पर होगा। इसमें बैंक लॉकर से लेकर गाड़ी खरीदने संबंधित बदलाव शामिल हैं।

नए साल के आगमन के बाद पहली तारीख से 5 बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, इनमें से एक है गाडिय़ों की कीमत बढऩा, मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर, टाटा मोटर्स, मर्सिडीज-बेंज, ऑडी, रेनॉल्ट, किआ इंडिया और एमजी मोटर 1 जनवरी 2023 से अपनी गाडिय़ों की कीमत बढ़ा देंगी। इसके साथ ही बैंक लॉकर का इस्तेमाल करने के लिए भी आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आपने नए लॉकर समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इसके अलावा नए साल पर कुछ बैंक क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियम भी बदलने वाले हैं। इसमें ॥ष्ठस्नष्ट बैंक क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड्स पॉइंट और फी स्ट्रक्चर में बदलाव करेगा, साथ ही अपने कार्डहोल्डर्स के लिए भी कुछ नियम बदले हैं। पहली जनवरी से होने वाले नियमों में बदलाव के बारे में भी आपको जागरूक जाने की जरूरत है इसमें 5 करोड़ से अधिक का सालाना टर्नओवर करने वाले कारोबारियों के लिए अब इ-इनवॉइस बनाना जरूरी होगा

इसमें फोन संबंधित एक बदलाव भी शामिल है। 1 तारीख से हर फोन निर्माता और उसका आयात व निर्यात करने वाली कंपनी के लिए हर फोन  नंबर का रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा।

*******************************

पचास रूपये की घूस मांगने पर आरक्षी निलंबित

बलिया 26 Dec, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के शिवपुर दियर चौकी पर तैनात एक आरक्षी को 50 रूपये की रिश्वत मांगने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शिवपुर दियर पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षी आयुष सिंह का घूस मांगने का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह बिहार सीमा पर जनेश्वर मिश्र सेतु से सामान लदे भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पचास रुपए की घूस मांग रहा है।

इस दौरान एक वाहन चालक एडवांस में पचास रुपया जमा करने की बात कह रहा है तो आरक्षी भड़क जाता है तथा अपशब्द बोलने लगता है। इसके बाद वाहन चालक पचास रुपए के स्थान पर तीस रुपए दे रहा है तो आरक्षी अपशब्द बोल रहा है तथा चौकी इंचार्ज से मिलने की बात कह रहा है।

मामले में कार्यवाहीं करते हुए पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर ने रविवार की शाम आरक्षी आयुष सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शहर कोतवाली के प्रभारी राजीव सिंह ने निलम्बन की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस उपाधीक्षक शहर को मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक हुआ वीडियो कई दिन पहले का है।

************************************

 

ICICI बैंक धोखाधड़ी मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, Videocon के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली 26 Dec, (एजेंसी): बैंक लोन फ्रॉड केस में केंद्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने आईसीआईसीआई बैंक धोखाधड़ी मामले में वीडियोकॉन के अध्यक्ष वेणुगोपाल धूत को गिरफ्तार किया। यह जानकारी सीबीआई के सूत्र के हवाले से सामने आई है। इससे पहले सीबीआई ने इस मामले में ICICI बैंक की पूर्व एमडी चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को गिरफ्तार किया था।

आरोप है कि जब चंदा कोचर आईसीआईसीआई बैंक की कमान संभाल रही थीं, तब उन्होंने वीडियोकॉन ग्रुप को लोन दिया था। बदले में चंदा के पति दीपक कोचर की कंपनी नू रिन्यूएबल को वीडियोकॉन से निवेश मिला था। वीडियोकॉन ग्रुप को 3,250 करोड़ का बैंक लोन देने के मामले में सीबीआई ने पिछले हफ्ते ICICI बैंक की पूर्व एमडी और सीईओ चंदा कोचर और उनके दीपक कोचर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दोनों को मुंबई की विशेष कोर्ट ने तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

*****************

 

लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ीं, CBI ने शुरू की भ्रष्टाचार मामले में जांच

नई दिल्ली 26 Dec, (एजेंसी): बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लालू प्रसाद यादव के खिलाफ सीबीआई ने रेलवे प्रोजेक्ट्स के आवंटन में भ्रष्टाचार का मामला फिर से खोल दिया है। केंद्रीय एजेंसी के इस फैसले से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो सकती है। सीबीआई ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में फिर से जांच शुरू कर दी है। यह मामला रेलवे प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। वहीं, सीबीआई की इस कार्रवाई से राष्ट्रीय जनता दल के नेता भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर गए हैं।

बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि अगर उनके पिताजी बीजेपी से हाथ मिला लेते तो ऐसी कार्रवाई नहीं होती। तेजस्वी ने ट्वीट किया, ‘अगर लालू जी बीजेपी से हाथ मिला लेते तो वो आज हिंदुस्तान के राजा हरीशचंद्र होते। तथाकथित चारा घोटाला दो मिनट में भाईचारा घोटाला हो जाता, अगर लालू जी का DNA बदल जाता।’

सीबीआई ने साल 2018 में रेलवे प्रोजेक्ट के आवंटन में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू की थी। लेकिन, तीन साल बाद साल 2021 में जांच बंद कर दी गई थी। आरोपियों में तेजस्वी यादव और लालू की बेटियां चंदा यादव और रागिनी यादव का नाम भी शामिल है। बता दें कि हाल ही में बिहार की राजनीति में काफी उलटफेर देखने को मिला है। जेडीयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नेबीजेपी से नाता तोड़कर राजद के साथ गठबंधन कर लिया है। आरजेडी नेता सीबीआई की कार्रवाई को बदले की कार्रवाई मान रहे हैं।

सीबीआई ने आरोप लगाया गया है कि लालू यादव ने रियल एस्टेट प्रमुख डीएलएफ ग्रुप से रिश्वत के रूप में दक्षिण दिल्ली की एक संपत्ति प्राप्त की थी, जो मुंबई में रेल भूमि पट्टा प्रोजेक्ट और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के डेवलपमेंट में रुचि रखती थी। इन्हीं आरोपों को लेकर सीबीआई ने अपनी जांच फिर से शुरू की है।

बता दें कि राजद नेता केंद्र की भाजपा सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा चुके हैं। तेजस्वी यादव ने हाल ही में कहा था कि ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियां केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं। बता दें कि हाल ही में लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर के एक अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन हुआ है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने पिता को किडनी डोनेट की है। डॉक्टरों ने बताया है कि दोनों लोग स्वस्थ हैं।

*************************

 

देवकीनंदन महाराज को मिली बम से उड़ाने की धमकी, दुबई से आया कॉल

मुंबई 26 Dec, (एजेंसी): भागवत कथा वाचक और वृंदावन में ठा. श्री प्रियाकान्त जू मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन महाराज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सउदी अरब से उनके निजी नम्बर पर कॉलर ने अश्लील गालियां देते हुए जिंदा जलाने की धमकी दी है। इस धमकी के बाद देवकीनंदन महराज की सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। उनका कथा पंडाल पुलिस छावनी बन गया है। बता दें कि देवकीनंदन महाराज इन दिनों मुंबई में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। उनको मिली धमकी को लेकर महाराष्ट्र पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

दरअसल, शनिवार दोपहर देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज के पर्सनल मोबाइल नंबर पर मुस्लिम देश सउदी अरब से कॉल आया, जिसे रिसीव पर फोन करने वाले शख्स ने उन पर मुसलमानों के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया और वह अश्लील गालियां देने लगा। महाराज के विरोध करने पर उन्हें बम से उड़ाने और चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी गई। डेढ़ मिनट के कॉल का उनके साथी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसकी जानकारी ट्विटर के माध्यम से स्थानीय पुलिस के साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय, गृहमंत्रालय और महाराष्ट्र समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को शेयर की गई।

बता दें कि हिंदुत्व पर खुलकर बोलने वाले देवकीनंदन महाराज को इससे पहले भी उन्हें ऐसे कई कॉल-मैसेज संस्था के नंबरों पर आ चुके हैं। लेकिन इस बार सीधे धमकी उनके पर्सनल नंबर पर दी गई है। उनका यह नंबर बस गिने चुने लोगों के पास ही है।

********************************

 

पुण्यतिथि पर शंकरदयाल शर्मा को नमन किया गया

भोपाल 26 Dec, (एजेंसी): पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकरदयाल शर्मा को आज उनकी पुण्यतिथि पर मध्यप्रदेश में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रिमंडल के सदस्यों और अनेक राजनेताआें ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा है, ”मध्यप्रदेश के गौरव, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकरदयाल शर्मा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। आपके प्रखर विचार और आदर्श जीवन देशवासियों को राष्ट्र व समाज की उन्नति के लिए कार्य करने हेतु सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”

राज्य मंत्रिमंडल के अनेक सदस्यों के अलावा भारतीय जनता पार्टी और कांंग्रेस के नेताओं ने भी श्री शर्मा का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।

*******************************

 

अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ी तो समझें खतरे की घंटी, केंद्र ने राज्यों को किया अलर्ट

नई दिल्ली 26 Dec, (एजेंसी): कोरोना ने विश्व भर में एक बार फिर अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। वहीं भारत में भी कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होता दिखाई दे रहा है। इन कोविड केसों को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में कोविड के नए खतरे को लेकर फिर आगाह किया है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को निगरानी बढ़ाने व अस्पतालों में भर्ती होने वालों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यदि देश के कुछ क्षेत्रों में कोविड-19 से संबंधित अस्पताल में भर्ती होने या सांस के मरीजों में अचानक उछाल आता है, तो यह हमारे लिए खतरे का संकेत होगा। इसलिए सभी अस्पतालों को कड़ी निगरानी रखनी चाहिए। रोगियों की संख्या में किसी भी असामान्य वृद्धि की पहचान करनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राज्य अस्पतालों में कोरोना वायरस के केसों पर भी नजर रखें।

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को कोविड-19 के प्रबंधन और टीकाकरण की समीक्षा के लिए राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने कहा कि अस्पतालों में निगरानी पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने राज्यों में सीवेज और अपशिष्ट जल की निगरानी पर भी जोर दिया जाना चाहिए, ताकि मल के जरिए वायरस का संक्रमण रोका जा सके।

यह भी समुदाय के भीतर बीमारी के फैलने के शुरुआती संकेतों में से एक है। सीवेज नमूना परीक्षण भी अतीत में पोलियो की निगरानी का एक प्रमुख तरीका रहा है। सामुदायिक निगरानी के लिए इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (ILI) और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) की निगरानी के लिए एक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क बनाया गया है।

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन बीमारियों के मरीजों के 25 से 30 फीसदी मामले कोविड पॉजिटिव में बदल जाते हैं। यही कारण है कि इन मामलों की जांच करना महत्वपूर्ण है। ठंड या सर्दी के मौसम में वैसे भी फ्लू के मामले बढ़ जाते हैं।

केंद्र के निर्देश पर मंगलवार को देशभर के अस्पतालों में होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को मॉक ड्रिल के लिए राज्यों को एक फॉर्म उपलब्ध कराया है, जिसे कोविन इंडिया पोर्टल से डाउनलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फॉर्म को मॉक ड्रिल के साथ ही भरना होगा और उसी समय अपलोड करने के साथ ही दिल्ली में कोरोना वार रूम में जानकारी देनी होगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि देश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 27 दिसंबर की सुबह मॉक ड्रिल होने जा रही है।

कोरोना का वायरस बहुत तेजी से अपना स्वरूप बदलता है। अब तक इसमें 18 हजार से भी अधिक बार परिवर्तन देखने को मिले हैं। बीते एक वर्ष से पूरी दुनिया में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से जुड़े उप वैरिएंट ही प्रसारित हो रहे हैं। इसलिए, ओमिक्रॉन की बात करें तो यह 540 बार बदला है और 61 मिश्रित वैरिएंट को इसने जन्म दिया है। वायरस के इन बदलावों को देखते हुए जीनोम सीक्वेंसिंग पर जोर देने के लिए कहा जा रहा है।

****************************

 

मोदी सरकार का बड़ा फैसला, LAC पर प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल की तैनाती को मिली मंजूरी

नई दिल्ली 26 Dec, (एजेंसी): भारत-चीन सीमा पर तनातनी के बीच रक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने सशस्त्र बलों के लिए 120 प्रलय सामरिक बैलिस्टिक मिसाइल खरीदने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। मिसाइल से भारत को बहुत फायदा होगा। बताया गया है कि मिसाइल को चीन सीमा पर तैनात किया जाएगा। ये मिसाइल 150 से 500 किलोमीटर के बीच दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर सकती हैं। ये पहली बार होगा जब बैलिस्टिक मिसाइलों को सामरिक अभियानों में इस्तेमाल किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि रॉकेट बलों को बनाने की परियोजना को बढ़ावा मिला है, क्योंकि लगभग 120 प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल खरीदने के प्रस्ताव को एक उच्च स्तरीय रक्षा मंत्रालय की बैठक से मंजूरी मिल गई है।

उन्होंने बताया कि मिसाइलों का अब बड़ी संख्या में उत्पादन किया जाएगा और निकट भविष्य में परिचालन सेवा में शामिल होने के लिए तैयार होने की उम्मीद है। यह परियोजना सशस्त्र बलों के लिए रणनीतिक रॉकेट बल बनाने के लिए एक बड़ा बढ़ावा होगी, जैसा कि दिवंगत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत द्वारा किया जा रहा था।

मिसाइल मार्गदर्शन प्रणाली में अत्याधुनिक नेविगेशन और एकीकृत वैमानिकी शामिल है। प्रलय सतह से सतह पर मार करने वाली अर्ध बैलिस्टिक मिसाइल है। इंटरसेप्टर मिसाइलों को हराने में सक्षम होने के लिए एडवांस मिसाइल को विकसित किया गया है। सूत्रों ने कहा कि इस तरह की मिसाइलें अपने सैनिकों को दुश्मन के हवाई रक्षा स्थलों या इसी तरह के उच्च मूल्य के लक्ष्यों को पूरी तरह से नष्ट करने या बाहर निकालने की जबरदस्त क्षमता देती हैं।

प्रलय मिसाइल की गति करीब 2000 किलोमीटर प्रतिघंटा हो सकती है। अगर पड़ोसी देशों की बात करें तो चीन के पास इस स्तर की डोंगफेंग-12 मिसाइल है जबकि, पाकिस्तान के पास गजनवी, एम-11 (चीन से मिली) और शाहीन मिसाइल है। माना जा रहा है कि प्रलय में रात में भी हमला करने की तकनीक लगाई गई है।

****************************

 

 

 

अवतार 2 ने पार किया 5,000 करोड़ का आंकड़ा, सर्कस ने पहले दिन की इतनी कमाई

26.12.2022 (एजेंसी) – भारतीय सिनेमाघरों में हॉलीवुड की फिल्म अवतार 2 और बॉलीवुड की सर्कस दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। दोनों ही फिल्मों ने शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया है, इसका डाटा सामने आ चुका है। एक तरफ रणवीर सिंह की फिल्म सर्कस ने पहले दिन 10 करोड़ से कम की ओपनिंग ली है।

वहीं, दूसरी तरफ जेम्स कैमरून की फिल्म अवतार 2 ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 5,000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। अवतार: द वे ऑफ वॉटर ने आठ दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 206.6 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है। 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते ही जेम्स की फिल्म ने एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर, स्पाइडरमैन: नो वे होम और डॉक्टर स्ट्रेंज- इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस जैसी फिल्मों को पछाड़ दिया है।

हालांकि, अवतार 2 अब भी एवेंजर्स एंडगेम से पीछे है। बता दें कि एवेंजर्स एंडगेम ने पहले हफ्ते में 260.40 करोड़ का कारोबार किया था। 1. एवेंजर्स एंडगेम – 260.40 करोड़, 2. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर – 156.64 करोड़, 3. डॉक्टर स्ट्रेंज – 101.49 करोड़, 4.स्पाइडरमैन: नो वे होम – 148.07 करोड़। अवतार 2 ने सिर्फ हॉलीवुड की फिल्मों को ही नहीं बल्कि भारत की भी कई फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। आठ दिन में अवतार 2 ने जितने करोड़ का कारोबार किया है, वह 2022 में रिलीज हुई गंगूबाई काठियावाड़ी (132.01 करोड़) और भूल भुलैया 2 (184.32 करोड़) के कुल कलेक्शन से कहीं ज्यादा है। हालांकि, जेम्स की फिल्म केजीएफ 2 (पहले हफ्ते में 523.75 करोड़) और आरआरआर (पहले हफ्ते में 477.5 करोड़) को पछाड़ पाने में नाकामयाब रही।

अब बात करते हैं रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस की। बता दें कि सर्कस ने ओपनिंग डे पर निराशाजनक प्रदर्शन किया है। पिछले एक दशक में रोहित की जितनी भी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं, उन सब ने पहले दिन 10 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।

रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म सर्कस ने पहले दिन यानी शुक्रवार को मात्र सात करोड़ रुपये का कारोबार किया है। 1. सूर्यवंशी (2021) – 26.29 करोड़ रुपये 2. सिंबा (2018)- 20.72 करोड़ रुपये 3. गोलमाल अगेन (2017) – 30.14 करोड़ रुपये 4. दिलवाले (2015)- 21 करोड़ रुपये 5. सिंघम रिटर्न्स (2014)- 32.09 करोड़ रुपये 6. चेन्नई एक्सप्रेस (2013)- 33.12 करोड़ रुपये।

******************************

 

वाजपेयी की बायोपिक मैं अटल हूं से पंकज त्रिपाठी की पहली तस्वीर, दिखे हूबहू अटल

26.12.2022 – (एजेंसी)  इस साल जून में देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक मैं अटल हूं का ऐलान किया गया था। फिल्म की घोषणा के साथ ही दर्शक यह जानने के लिए उत्साहित थे कि अटल की भूमिका में कौन सा कलाकार नजर आएगा। इसके बाद नवंबर में खबर आई कि इस भूमिका को पंकज त्रिपाठी निभाएंगे। अब 25 दिसंबर को यानी अटल की जयंती के मौके पर फिल्म से पंकज का पहला लुक भी सामने आ गया है।

पंकज त्रिपाठी ने इंस्टाग्राम पर करीब एक मिनट तीन सेकेंड का वीडियो शेयर किया है जिसमें वह अटल के अलग-अलग लुक में नजर आ रहे हैं। इसमें अटल के व्यक्तित्व के भी अलग-अलग पहलुओं का जिक्र किया गया है। टीजर में अटल को एक प्रधानमंत्री, एक कवि, एक राजनेता और एक बेहतरीन व्यक्ति के तौर पर दिखाया गया है। इन सभी तस्वीरों में पंकज अटल से काफी मिलते-जुलते नजर आ रहे हैं।

अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए पंकज ने लिखा, अटल जी के व्यक्तित्व को पर्दे पर साकार करने के लिए मुझे संयम से मेरे व्यक्तित्व पर काम करना जरूरी है, यह मैं जानता हूं। स्फूर्ति और मनोबल के आधार से मैं नई भूमिका को न्याय दे सकूंगा, यह अटल विश्वास मुझे है। फिल्म अगले साल दिसंबर में रिलीज होगी।

इसका निर्देशन रवि जाधव करेंगे। वहीं इसका निर्माण विनोद भानुशाली, संदीप सिंह, सैम खान, विशाल गुरनानी और कमलेश भानुशाली कर रहे हैं। यह फिल्म उल्लेख एनपी की किताब द अनटोल्ड वाजपेयी: पॉलिटिशियन एंड पैराडॉक्स पर आधारित होगी। इसमें अटल के बचपन से लेकर उनके राजनेता बनने तक के सफर को फिल्माया जाएगा। मेकर्स उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ अनकही कहानियों को फिल्म में शामिल करेंगे।

राजनीति के साथ-साथ मनोरंजन जगत के दर्शकों को अटल की बायोपिक का इंतजार है। अगले साल की शुरुआत में इसकी शूटिंग शुरू होगी। फिल्म को अगले साल अटल की जयंती पर रिलीज किया जाएगा। अटल भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ उनका जुड़ाव रहा। 1996 में वह भारत के प्रधानमंत्री बने थे।

हालांकि, अन्य दलों ने जब भाजपा से अपना समर्थन वापस ले लिया, तो 13 दिनों के भीतर उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। फिर वह 1998 और 1999 में भी दूसरे और तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री के पद पर काबिज हुए। 2018 में 93 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।

इंदिरा गांधी पर आधारित कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी भी चर्चा में है। इस फिल्म में अभिनेता श्रेयस तलपड़े युवा अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार में नजर आएंगे। वायपेयी के किरदार में उनका लुक भी जारी हो चुका है।

***********************************

 

सूरत में नौकरी से निकाले गए कर्मचारी ने फैक्ट्री मालिक, उसके पिता और चाचा की हत्या की

सूरत ,25 दिसंबर(एजेंसी)। सूरत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सूरत के अंजलिर उद्योग क्षेत्र में नौकरी से निकाले गए एक कर्मचारी और उसके सहयोगी ने कपड़ा कारखाने के मालिक, उसके पिता और चाचा की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी है। इस मामले के संबंध में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक नाबालिग है। सूरत के डिप्टी पुलिस कमिश्नर हर्षद मेहता ने पत्रकारों से कहा कि कल्पेश ढोलकिया की वेदांत टेक्सो नाम की एक एम्ब्रायडरी यूनिट है। सुबह करीब नौ बजे नौकरी से निकाला गया कर्मचारी अपने सहयोगी के साथ यूनिट में पहुंचा।

कल्पेश ढोलकिया के साथ दोनों की तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। मारपीट के दौरान दो आरोपियों में से एक ने ढोलकिया पर चाकू से हमला कर दिया। यूनिट में मौजूद कल्पेश के पिता धनजीभाई और चाचा घनश्याम राजोदिया ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उनपर भी चाकू से हमला कर दिया। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद दोनों यूनिट से भाग गए।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि तत्काल इलाज के लिए तीनों को पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, उनमें से एक नाबालिग है।

एक अन्य अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि करीब दस दिन पहले कर्मचारी को उसकी नाइट ड्यूटी के दौरान की गई कुछ गलतियों की वजह से उसे बर्खास्त कर दिया गया था। ऐसा कहा जा रहा है कि यूनिट के मालिक ने कर्मचारी की सेवाएं समाप्त करने से पहले उसके सभी बकाया का भुगतान कर दिया था।

रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा विधायक कुमार कनानी ने मांग की है कि नौकरी की तलाश में सूरत में प्रवेश करने वाले हिस्ट्रीशीटरों पर पुलिस नजर रखे। दक्षिणी गुजरात चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष दिनेश नवाडिया ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और उद्योगपतियों की अधिक सुरक्षा के लिए अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को उठाने का वादा किया है।

******************************

 

व्यापारी से 9 लाख की लूट की घटना में चार आरोपी गिरफ्तार

*7 बदमाशों ने 1 महीने रेकी कर दिया था घटना को अंजाम*

जालौर ,25 दिसंबर(एजेंसी)। 5 दिन पहले व्यापारी के साथ मारपीट के बाद हुई लूट की घटना का नोसरा थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, 3 आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना से पहले बदमाशों ने व्यापारी की करीब 1 महीने तक रेकी की थी।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपी भावेश उर्फ महावीर देवासी (28) निवासी छांगाड़ी थाना नोसरा, कृष्ण कुमार उर्फ किसना राम देवासी (22) निवासी कानिवाड़ा थाना आहोर एवं श्रवण कुमार देवासी (22) व जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू देवासी (22) निवासी थाना बिशनगढ़ जिला जालौर को गिरफ्तार किया गया है। लूट के संबंध में सुमेरपुर जिला पाली निवासी व्यापारी सुरेंद्र सिंह ने एक रिपोर्ट थाना नोसरा में दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट में बताया की पाली व जालोर के कई क्षेत्रों में वह किराने के सामान की सप्लाई करता है। 19 दिसंबर को अपने साथी ललित कुमार के साथ सभी जगहों से कलेक्शन कर कार से लौट रहा था। छांगाड़ी से कोटडा के बीच सुनसान जगह पर मोटरसाइकिल कार के आगे डालकर बदमाशों ने उन्हें रुकवा लिया। गाड़ी के कांच लाठियों से तोड़कर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बैग में रखे करीब 9-9.50 लाख रुपये, गाड़ी की चाबी, मोबाइल, रसीद बुक इत्यादि लूट कर मौके से भाग गए।

घटना की गंभीरता को देख वारदात के ट्रेस आउट के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनुकृति उज्जैनिया एवं सीओ रतनाराम देवासी के सुपरविजन तथा थाना अधिकारी नरेंद्र पवार के नेतृत्व में थाना स्तर एवं साइबर सेल से विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना पर घटना का खुलासा कर इन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एसपी अग्रवाला ने बताया कि बदमाशों को व्यापारी के आने की पूर्व जानकारी थी। 1 महीने से वह इसके लिए रेकी कर रहे थे। घटना के बाद आरोपियों ने लूट की राशि का बंटवारा कर लिया।

इनमें भावेश उर्फ महावीर कुमार के हिस्से में 143500 रुपये, श्रवण कुमार के हिस्से में 108000 रुपये, कृष्ण कुमार के हिस्से में 105000 रुपये, सहयोगी जितेंद्र उर्फ जीतू व सांवलाराम के हिस्से में 75-75 हजार रुपये एवं घटना में शरीक फरार दो अन्य मुलजिम सूजाराम व प्रकाश उर्फ पैपिया के हिस्से में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये आये।

**************************************

 

आज का राशिफल

मेष : (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। आप सभी कार्यों को बेहतरीन तरीके से पूरा करने में सक्षम रहेंगे। आप की दबी हुई कोई प्रतिभा या बात लोगों के समक्ष उजागर होगी। जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी। मन मुटाव का अन्त होगा। घर की सुख-सुविधा संबंधी वस्तुओं की खरीदारी या आवश्यक पकवान में परिवार के साथ समय व्यतीत होगा। स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष : (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वु, वे, वो)

आज दिनचर्या की गतिविधियों से हटकर किसी विशेष बात को गहराई से जानने के लिए समय व्यतीत करेंगे तथा अध्यात्म से जुड़े विषयों में विशेष रूचि रहेगी। अगर पैतृक संबंधी कोई मामला रुका हुआ है, तो आज किसी की मध्यस्थता से हल हो सकता है। मनोरंजन और मौज मस्ती के लिए समय निकाल पाएंगे। बाहर खाना खाने से बचें।

मिथुन : (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आज आपका समय आपके साथ है। किसी को उधार दिया हुआ या रुका हुआ पैसा मिलने की संभावना है, इसलिए उसे वसूल करने में अपना विशेष रुप से ध्यान केंद्रित रखें। आज रिश्तेदारों अथवा पड़ोसियों के साथ किसी गंभीर विषय पर चर्चा हो सकती हैं। इस चर्चा में आपके द्वारा रखा गया मजबूत पक्ष आपके मान-सम्मान में वृद्धि करेगा। प्रतिभा को सम्मान मिलेगा। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कर्क : (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आज आपका समय मिलाजुला रहेगा। व्यस्तता व थकान हो सकती है।कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी। परंतु जल्दबाजी की बजाय गंभीरता व सावधानी पूर्वक कार्य करने की आवश्यकता है। अपने कर्मचारियों के साथ संबंध खराब ना होने दें अन्यथा काम की गति धीमी हो सकती हैं। नौकरी पेशा व्यक्तियों को भी अपने काम को पूरी लगन से करने की जरूरत है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए पानी पीने में कंजूसी न बरतें।

सिंह : (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आज आपकी ऊर्जा आपको औरों से बेहतर बनने में पूर्ण मदद करेगी। पारिवारिक लोगों की जरूरतों को पूरा करने तथा शॉपिंग वगैराह करने में समय व्यतीत होगा। आज रोजमर्रा की व्यस्ततम दिनचर्या में से कुछ समय सुकून और मौज मस्ती के लिए भी निकालेंगे। घर में रिश्तेदारों का भी आगमन होगा। मन शान्त रखने की कोशिश करना आसान होगा।

कन्या : (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आज आप मेहनतकश रहेंगे व पूरा लाभ भी मिलेगा। दोपहर बाद लाभदायक स्थितियां बन रही है, इसलिए दिन की शुरुआत में ही अपने महत्वपूर्ण काम पूरे करने संबंधी रूपरेखा बना लें। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों की आज फायदेमंद डील हो सकती हैं। ऑफिस में अपने सहयोगियों के साथ किसी विशेष कार्य को लेकर विचार-विमर्श होगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला : (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन राहतभरा होगा व मानसिक शांति रहेगी। कहीं से मन मुताबिक पेमेंट आ जाने से राहत मिलेगी और आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। धार्मिक संस्थाओं के सेवा संबंधी कार्यों में आपका विशेष योगदान रहेगा। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और कई प्रकार की गतिविधियों में भी व्यस्तता बनी रहेगी। बेहतरीन स्वास्थ्य के लिए बाहर व धूप में घूमने से परहेज करें।

वृश्चिक : (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज व्यापार फलदायक होगा। व्यस्त रहने से समय का सदुपयोग होगा। आयात निर्यात संबंधी व्यवसाय में विशेष अनुबंध प्राप्त होंगे। किसी भी प्रकार का व्यवसायिक कर्जा ना लें, नहीं तो आप किसी मुसीबत में पड़ सकते हैं। सरकारी नौकरी में वर्तमान परिस्थितियों की वजह से अधिक कार्यभार रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान अवश्य रखना है।

धनु : (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

आज आप मानसिक दृष्टि से विशेष राहत महसूस करेंगे। पिछले कुछ समय से चल रही किसी समस्या का निवारण होने से आप स्वयं को तनाव मुक्त महसूस करेंगे। नजदीकी रिश्तेदारों तथा मित्रों के साथ सुखद समय व्यतीत होगा और उनके साथ किसी विशेष मुद्दे पर विचार विमर्श भी होगा। तबीयत शरीरानुकूल रहेगी।

मकर : (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज आप आराम की तलाश कर सकते हैं। व्यापार में भी कार्यभार की बहुत अधिकता रहेगी और अधिक मेहनत तथा परिणाम सामान्य ही हासिल होंगे। अभी ज्यादा मुनाफे की उम्मीद ना रखें। नौकरीपेशा व्यक्तियों को अपना काम समय पर पूरा ना होने की वजह से उच्च अधिकारियों की नाराजगी सहनी पड़ सकती हैं। इसलिए अधूरे कार्य अवश्य पूर्ण कर लें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

कुंभ : (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आप गौरान्वित महसूस करेंगे। आपके सकारात्मक तथा सहयोगात्मक व्यवहार की वजह से परिवार तथा समाज में विशेष मान-सम्मान प्राप्त होगा। अगर कोई विवादित भूमि संबंधी परेशानी चल रही है, तो आज उसे किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से हल करने की कोशिश करें, अवश्य ही सफलता प्राप्त होगी। तबीयत सम्बन्धित बात को नजरअंदाज न करें।

मीन : (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आज भाग्य आपके और भी साथ है इसलिए आज आपको नए व्यवसायिक अनुबंध मिलने की पूरी संभावना है। अपना अधिक समय मार्केटिंग तथा प्रोडक्ट की क्वालिटी को बढ़ाने में लगाएं। नौकरी पेशा व्यक्तियों के अपने बॉस व उच्चाधिकारियों के साथ संबंध मजबूत बनेंगे। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य सम्बन्धी लाभ होगा।

*********************************

 

कर्नाटक चुनाव से पहले खनन कारोबारी जनार्दन रेड्डी ने अपनी पार्टी लॉन्च की

बेंगलुरु ,25 दिसंबर(एजेंसी। खनन कारोबारी और पूर्व भाजपा नेता गली जनार्दन रेड्डी ने अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर जारी सस्पेंस को खत्म करते हुए रविवार को अपनी राजनीतिक पार्टी कल्याण राज्य प्रगति पक्ष लॉन्च की है। जनार्दन रेड्डी ने इस कदम को एक नया राजनीतिक प्रकरण बताते हुए कहा कि उनकी योजना कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के लोगों की सेवा करने की है, जिसमें राज्य के सात जिले शामिल हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की सत्ता में वापसी की योजनाओं पर विकास का गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए राज्य के लोगों को विभाजित करके लाभ प्राप्त करना संभव नहीं है क्योंकि लोग हमेशा एकजुट रहे हैं।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 2023 की पहली छमाही में होने हैं। संभावना जातई जा रही है कि चुनाव के अप्रैल-मई में होने की संभावना है। बेल्लारी क्षेत्र में भाजपा के शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रेड्डी ने कहा कि वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में गंगावती निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी जनार्दन रेड्डी के खनन घोटाले में फंसने के बाद से दूरी बनाए हुए है। रेड्डी को जेल भी हुई और उनके गृह जिले बल्लारी में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

राजनीतिक ऑब्जर्वर का मानना है कि जनार्दन रेड्डी के अपनी राजनीतिक पार्टी शुरू करने से कम से कम 20 विधानसभा सीटों पर भाजपा के जीतने की संभावना कम हो गई है।

********************************

 

जम्मू-कश्मीर के बारामुला में नियंत्रण रेखा के पास भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद

श्रीनगर ,25 दिसंबर(एजेंसी)।  सेना ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में तलाशी के दौरान हथियारों और गोला-बारूद की एक बड़ी खेप बरामद की गई है। बारामूला शहर में सेना के 19 इन्फैंट्री डिवीजन के मुख्यालय में एक मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए जीओसी मेजर जनरल, अजय चंदपुरिया ने कहा कि सैन्य खुफिया और केंद्रीय एजेंसियों से खुफिया जानकारी के आधार पर मस्जिद नाला क्षेत्र में एक तलाशी अभियान शुरू किया गया था। यह क्षेत्र नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब हथलंगा गांव का है, जहां भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

जीओसी ने कहा, इलाके में घर हैं। हमारे ऑपरेशन को ऑप्टिकल इंटेलिजेंस से मदद मिली।

तलाशी अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद हुआ, जिसमें 24 मैगजीन और 560 जिंदा कारतूस के साथ आठ एके सीरीज राइफल, 24 मैगजीन और 244 जिंदा राउंड के साथ 12 चाइनीज हैंड ग्रेनेड, नौ चाइनीज हैंड ग्रेनेड और पांच पाकिस्तानी हथगोले शामिल थे।

दिलचस्प बात यह है कि बरामद किए गए 81 गुब्बारों पर आई लव पाकिस्तान लिखा हुआ था, जिस पर पाकिस्तानी झंडा बना हुआ था। पाकिस्तानी निशान वाले पांच बोरे भी मिले हैं।

एसएसपी बारामुला, रईस मुहम्मद भट ने कहा कि गुब्बारे, जो आम तौर पर जम्मू की तरफ अधिक बार भेजे जाते हैं, पहली बार घाटी की तरफ भेजे गए हैं। यह शायद कुछ प्रचार को फिर से भड़काने के एक तरह के प्रयास की ओर इशारा करता है।

*********************************

 

मेट्रो स्टेशन पर ड्रोन गिरने से मचा हड़कंप, बंद करनी पड़ी सेवा

नई दिल्ली ,25 दिसंबर(एजेंसी)। दिल्ली में रविवार को मेट्रो की मैजंटा ट्रैक पर कार्गो ड्रोन गिरा पाया गया। इस दौरान मेट्रो को आधे घंटे के लिए बंद रखा गया। वीकेंड के साथ क्रिसमस पर स्टेशन पर लोगों का हुजूम इक्_ा हो गया व लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में सुरक्षा कारणों से जसोला विहार शाहीन बाग और बॉटेनिकल गार्डन के बीच सर्विस को आधे घंटे तक बंद रखा गया। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट कर सर्विस को रोके जाने की जानकारी दी। हालांकि, बाद में जांच के बाद इस रूट पर ट्रेन सर्विस को बहाल कर दिया गया।

दिल्ली मेट्रो की तरफ से ट्वीट में बताया कि सुरक्षा कारणों से जसोला विहार शाहीन बाग से बॉटेनिकल गार्डन तक मैजेंटा लाइन अपडेट सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। अन्य लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं और ब्योरे की प्रतीक्षा है। दिल्ली मेट्रो की तरफ से यह ट्वीट किया। डीसीपी मेट्रो जे मणि ने बताया कि हमें दोपहर करीब 2.35 बजे फोन आया कि जसोला विहार के पास मेट्रो ट्रैक पर एक ड्रोन मिला है।

मेट्रो ट्रेन के ट्रैक पर ड्रोन गिरने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को इसकी जानकारी दी गई सूचना के बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची तो वहां दवा का एक पैकेट मिला। ड्रोन मेडिकल सप्लाई लेकर जा रहा है। ड्रोन नोएडा की एक कंपनी का है, जो इसके जरिए दवाओं की सप्लाई करती है।

*****************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की जयंती पर जमशेदपुर के उलियान स्थित उनकी प्रतिमा पर  माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की

 *मुख्यमंत्री ने कहा- झारखंड अलग राज्य आंदोलन के वीर- शहीदों को पूरा सम्मान

और अधिकार देने के लिए सरकार कृत संकल्पित।*

*शहीद निर्मल महतो ने अपनी नेतृत्व क्षमता से झारखंड अलग राज्य आंदोलन को ताकत और धार दी थी*

*शोषितों , वंचितों गरीबों और जरूरतमंदों के हक और अधिकार के लिए बुलंद करें अपनी आवाज*

शहीदों के अरमानों और सपनों के अनुकूल  बना रहे झारखंड  – श्री हेमन्त सोरेन,मुख्यमंत्री

कदमा, जमशेदपुर, 25.12.2022 (FJ) –  मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो की  जयंती पर आज पूरा राज्य उन्हें याद और नमन कर रहा है। वे झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता थे।

उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से झारखंड अलग राज्य  आंदोलन और संघर्ष को ताकत और धार दी थी । इस खातिर उन्होंने अपनी कुर्बानी दे दी। झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकते हैं। हमें उनके सपनों और बताए गए पद चिन्हों पर चलकर  झारखण्ड का नवनिर्माण करना है ।

मुख्यमंत्री आज वीर शहीद निर्मल महतो के 72वें जन्मदिन के अवसर पर जमशेदपुर के कदमा, उलियान स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी । मुख्यमंत्री ने  इस अवसर पर उनके आवास स्थितओ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित किया और परिजनों से मुलाकात की।

 झारखंड राज्य के लिए कई वीरों ने शहादत दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय गुरुजी के नेतृत्व में झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए कई वीरों ने अपने शहादत दी थी। आज हम उन शहीदों के सपनों के झारखंड का निर्माण करने का काम कर रहें हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य आंदोलन के वीर- शहीदों को पूरा सम्मान और अधिकार देने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। शहीदों के परिजनों/ आश्रितों को पेंशन के साथ नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण समेत कई अन्य सुविधाएं देने का निर्णय लिया है।

हर वर्ग और तबके के उत्थान और विकास के लिए कल्याणकारी योजनाएं

यहाँ के आदिवासी, दलित, पिछड़े, गरीब, किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें आच्छादित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार हमारे राज्य के आंदोलनकारियों ने सामंतवाद के खिलाफ आंदोलन कर अपने बातों को रखा, उसी प्रकार आज हमें वंचितों, शोषितों, असहाय, गरीब एवं समाज के पिछड़े वर्ग के हक अधिकार के लिए अपने आवाज को बुलंद करना है।

इस अवसर पर मंत्री, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग श्री  चम्पाई सोरेन, मंत्री, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग श्री बन्ना गुप्ता, मंत्री, विधायक घाटशिला श्री राम दास सोरेन, विधायक, ईचागढ़ श्रीमती सविता महतो, विधायक, बहरागोड़ा श्री समीर मोहंती, विधायक पोटका श्री संजीव सरदार, विधायक जुगसलाई श्री मंगल कालिंदी बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रहे।

***********************

 

अटल बिहारी वाजपेयी की 98वीं जयंती पर राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली ,25 दिसंबर(एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 98वीं जयंती पर उनकी समाधि सदैव अटल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इनके अतिरिक्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जेपी नड्डा भी पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 98वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए सदैव अटल स्मारक पहुंचे।

स्मारक पर जाने से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा और कहा, अटल जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। भारत के लिए उनका योगदान अमिट है। उनका नेतृत्व और दूरदृष्टि लाखों लोगों को प्रेरित करती है।

ज्ञातव्य है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर, 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। एक कवि पिता के घर जन्मे वाजपेयी बाद में खुद एक कवि बन गए। उन्होंने कानपुर से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर भी किया। वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक थे। हालाँकि, उनका व्यक्तित्व, कविता और राजनीति सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि दुनिया भर में जानी जाती थी।

अमित शाह ने याद किया कि वाजपेयी ने विकास के एक नए युग की नींव रखी थी। अटल जी का जीवन, भारतीय राजनीति का शिखर, देश को फिर से उसके परम वैभव की ओर ले जाने के लिए समर्पित था। विकास और सुशासन के एक नए युग की नींव रखकर उन्होंने अपने नेतृत्व में विश्व को भारत की क्षमता से अवगत कराया और जनता में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाई। अटल जी को आज उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह न केवल दूरदर्शी थे बल्कि विद्वान भी थे। उन्होंने पोस्ट किया, मैं हम सभी की प्रेरणा और पूज्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने भारत में विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखा और विश्व पटल पर देश को एक नई पहचान दी। वह न केवल एक दूरदर्शी थे बल्कि एक विद्वान भी थे। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन आज पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

1924 में ग्वालियर में जन्मे, वाजपेयी दशकों तक भाजपा का चेहरा थे और पहले गैर-कांग्रेसी प्रधान मंत्री थे जिन्होंने कार्यालय में पूर्ण कार्यकाल पूरा किया। वाजपेयी भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता थे। वे संयुक्त राष्ट्र संघ को हिंदी में संबोधित करने वाले पहले भारतीय भी थे। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के अलावा, वाजपेयी तीन मौकों पर प्रधानमंत्री की शपथ लेने वाले एकमात्र भारतीय नेता हैं। उनके राजनीतिक करियर के अलावा, वाजपेयी को एक आकर्षक वक्ता और एक सहानुभूतिपूर्ण कवि के रूप में याद किया जाता है।

********************************

 

इसरो ने सीई-20 इंजन का सफलतापूर्वक किया परीक्षण

चेन्नई ,25 दिसंबर(एजेंसी)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 650 सेकंड की लंबी अवधि के सीई-20 इंजन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है।

इसरो ने रविवार को जारी बयान में यह जानकारी दी। इसरो ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो प्रोपल्सन कॉम्प्लेक्स (आईपीआरसी) के क्रायोजेनिक मेन इंजन और स्टेज टेस्ट फैसिलिटी में 650 सेकेंड की लंबी अवधि के लिए 22 टी थ्रस्ट लेवल के साथ सीई-20 इंजन का सफलतापूर्वक परिक्षण किया। इसके साथ ही उड़ान में शामिल होने के लिए 20टी थ्रस्ट लेवल के लिए इंजन का सफलतापूर्वक परिक्षण पूरा हो चुका है।

सीई20 का डिजाइन और विकास इंजन लिक्विड प्रोपल्शन सिस्टम्स सेंटर (एलपीएससी), वलियामाला, केरल ने किया है। इंजन को पहले 40 सेकंड के लिए 20.2 टी थ्रस्ट लेवल पर संचालित किया गया, जिसके बाद इसे 20 टी ऑफ-नॉमिनल ज़ोन पर संचालित किया गया, फिर थ्रस्ट कंट्रोल वाल्व को स्थानांतरित करके 435 सेकंड की अवधि के लिए इसे 22.2 टी पर संचालित किया गया।

********************************

एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 की ट्रॉफी पहुंची भुवनेश्वर

भुवनेश्वर ,25 दिसंबर(एजेंसी)। देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 21 दिनों की यात्रा के बाद एफआईएच पुरुष विश्व कप 2023 ट्रॉफी भुवनेश्वर पहुंच गई। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, प्रदेश के खेल और युवा मंत्री तुषारकांति बेहरा ने ट्रॉफी का स्वागत किया।

बाद में इसे भुवनेश्वर नगर निगम को सौंप दिया गया। हवाई अड्डे से ट्रॉफी को बाइक रैली के बीच लिंगराज मंदिर ले जाया गया। ट्राफी को एस्प्लेनेड मॉल, एसओए विश्वविद्यालय परिसर और केआईआईटी विश्वविद्यालय मैदान ले जाया जाएगा।

भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में लौटने से पहले ट्रॉफी को सुंदरगढ़ जिले के 17 ब्लॉक और राउरकेला ले जाया जाएगा, जहां 29 जनवरी को विश्वकप हाकी का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पुरुष विश्व कप हॉकी के मैच 13 से 29 जनवरी तक भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसामुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे।

**************************

 

एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह 2022 का आयोजन 29 दिसंबर को ..!

25.12.2022 – वीएस नेशन मिडिया एजेंसी और ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स के संयुक्त तत्वाधान में 29 दिसंबर को अंधेरी(वेस्ट), मुम्बई स्थित मेयर हॉल में एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह 2022 का आयोजन किया जाएगा।

इस समारोह में लेस्ली लुईस, दिलीप सेन, सुधाकर शर्मा, राम शंकर, शोमा बैनर्जी, कपिल हरीशंकर, राजीव महावीर, रेपर हितेश्वर, विजॉय कश्यप, वास्तविक रॉय, रक्षा श्रीवास्तव, शोना गोंसलवेस, शीरीन फरीद, मनोज टकरिया और अनिता शर्मा के अलावा बॉलीवुड के कई चर्चित संगीत सितारों की उपस्थिति में संगीत के क्षेत्र में एक्टिव व उल्लेखनीय योगदान देने वाले नामचीन और नवोदित प्रतिभाओं को अवार्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुम्बई की धरती पर समय समय पर कई संस्थाओं के द्वारा तरह तरह के अवार्ड समारोह का आयोजन किये जाते रहे है लेकिन संगीत की दुनिया के अनमोल सितारों को खासकर नवोदित प्रतिभाओं को याद तक नहीं किया जाता है। वैसी स्थिति में वीएस नेशन मिडिया एजेंसी और ताल म्यूजिक एंड फिल्म्स  के द्वारा एवरग्रीन म्यूजिक अवॉर्ड समारोह 2022 का आयोजन, एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया है।

आयोजक दविंद्र खन्ना के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस आयोजन के पूर्व  नवोदित प्रतिभाओं को प्रकाश में लाने के उद्देश्य से गौरव अवॉर्ड, नारी शक्ति सम्मान, एवरग्रीन ब्यूटी कॉन्टेस्ट, सिंगिंग कॉन्टेस्ट, डांसिंग कॉन्टेस्ट का आयोजन वीएस नेशन (वसई, मुम्बई) के द्वारा कराए जा चुके हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*******************************

 

छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस की निष्क्रियता के बाद महिला ने की आत्महत्या

आगरा 25 Dec, (एजेंसी): 25 वर्षीय एक महिला ने छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ ‘पुलिस की निष्क्रियता’ के बाद आत्महत्या कर ली। स्थानीय निवासियों के साथ मृतका के परिजनों ने इसका विरोध करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने से मना कर दिया। सब-इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह को इस मामले के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया।

महिला ने संदीप कुमार के खिलाफ एक शिकायत पत्र दिया था, जिसमें कहा गया था कि, “वह अपने 65 वर्षीय ससुर को बुधवार शाम घर वापस लाने के लिए गई थी, क्योंकि वह कमजोर है और उन्हें कम दिखाई देता है।

इस बीच आरोपी ने रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ की और चुप रहने के लिए दो हजार रुपये देने की पेशकश की। जब वह मदद के लिए चिल्लाई तो आरोपी ने उसे पीटना शुरू कर दिया और ग्रामीणों को पास आते देख जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।”

इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराने में सहायता करने के लिए महिला के साथ स्थानीय पुलिस स्टेशन गए।

परंतु पुलिस स्टेशन में तो स्थिति ही बदल गई। एक ग्रामीण ने बताया कि, “एसआई अर्जुन सिंह ने मामला दर्ज करने और छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय महिला पर अश्लील टिप्पणी की। इससे परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली।”

मामले का संज्ञान लेते हुए आगरा पुलिस कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं।

डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा, “महिला के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एसआई को उनकी पोस्ट से हटा दिया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

महिला का पति अहमदाबाद में काम करता है, वह घर पर अपने ससुर और पांच साल के बेटे के साथ रह रही थी।

*****************************

 

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version