रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले देर रात हुई मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में धुर्वा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धुर्वा और हिंदपीढ़ी इलाके के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के समय दोनों आरोपियों ने अत्यधिक शराब का सेवन कर रखा था। शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर मृत्युंजय सिंह उर्फ बिट्टू सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए हत्या के पीछे के वास्तविक कारण और विवाद की पूरी कड़ी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
**************************