Missing 15-Year-Old Boy Safely Recovered from Delhi

रांची पुलिस की तकनीकी टीम की बड़ी कार्रवाई..

रांची,27.05.2026 – ऑनलाइन गेम की लत एक बार फिर परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन गई। रांची से लापता 15 वर्षीय आशविन आनंद को रांची पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है।

बताया जा रहा है कि नाबालिग ऑनलाइन गेम STAKE में काफी पैसा हार चुका था, जिसके कारण वह तनाव में था और इसी वजह से बिना किसी को बताए घर छोड़कर निकल गया।जानकारी के अनुसार, 24 मई को आशविन आनंद अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को युवक के दिल्ली में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी अनुसंधान की मदद से नाबालिग को सुरक्षित वापस लाया गया।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत और उसके दुष्परिणामों को उजागर किया है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास करें।

*******************************