जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन
खरीफ फसल की तैयारी, उर्वरक उपलब्धता एवं कृषि योजनाओं की समीक्षा, संबंधित पदाधिकारी को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश
किसानों को समय पर बीज-उर्वरक उपलब्ध कराने, योजनाओं में पारदर्शिता एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश
किसानों को समुचित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने एवं कालाबाजारी एवं कृत्रिम संकट की आशंका को देखते हुए सतत निगरानी रखने का निर्देश
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
रांची,27.05.2026 – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 27.05.2026 को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, मत्स्य तथा गव्य विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी तथा जिला पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में खरीफ मौसम की तैयारी, वर्षापात की स्थिति, प्रखंडवार फसल आच्छादन लक्ष्य, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, सिंचाई, मृदा संरक्षण, पशुपालन एवं गव्य, मत्स्य संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।
समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इस वर्ष अप्रैल माह में 35.5 मिमी तथा मई माह में अब तक 77.7 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा वर्षापात की वर्तमान स्थिति को देखते हुए खरीफ फसल की तैयारी समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए धान फसल के प्रखंडवार आच्छादन लक्ष्य की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खेती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही तेलहन एवं मोटे अनाज फसलों के आच्छादन लक्ष्य की भी समीक्षा की गयी तथा इनके उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में खरीफ फसल के लिए बीज की आवश्यकता एवं उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित हो।
उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गयी कि जिले में 12 होलसेलर एवं लगभग 150 रिटेलर कार्यरत हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी किसानों को समुचित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने उर्वरक की कालाबाजारी एवं कृत्रिम संकट की आशंका को देखते हुए सतत निगरानी रखने का निर्देश दिये। साथ ही स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग हेतु मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
मृदा संरक्षण एवं मृदा परीक्षण की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने साइल कंजर्वेशन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों के लिए अधिक से अधिक साइल टेस्टिंग कराने एवं साइल हेल्थ कार्ड वितरण सुनिश्चित करने को कहा ताकि किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकें।
बैठक में किसान कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गयी। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा निर्देश दिया गया कि किसानों से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप इरिगेशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जल संरक्षण एवं आधुनिक सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की समीक्षा के क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लाभुकों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वास्तविक एवं पात्र लाभुकों को ही योजनाओं का लाभ मिले।
मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान तालाब निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्यों पर चर्चा की गयी। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा निर्देश दिया गया कि तालाबों की गहराई निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए ताकि मत्स्य उत्पादन में वृद्धि हो सके।
गव्य विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा डेयरी एवं पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। उन्होंने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा लाभुक चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिये।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसानों एवं ग्रामीण लाभुकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।
*****************************