जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में बुधवार को आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कार्यक्रम में शामिल पूर्व विधायक एवं आजसू के संस्थापक सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित तौर पर कुछ युवतियों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना में घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सूर्य सिंह बेसरा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोपाल मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवतियों के साथ उनका विवाद हो गया। युवतियों की ओर से उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना में सूर्य सिंह बेसरा को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। वहीं, आरोप लगाने वाली एक युवती बिष्टुपुर थाना पहुंची और सूर्य सिंह बेसरा के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि युवती ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
फिलहाल घटना के पीछे की पूरी वजह और विवाद की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
************************