(व्यंग)
पत्रकारिता में कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि झारखंड में क्या हो रहा है, यह सरकार से पहले इन्हें पता चल जाता है। हर मुद्दे पर राय तैयार, हर मामले पर विश्लेषण तैयार और हर खबर पर ऐसा आत्मविश्वास कि लगता है पूरी फाइल इनके ही ड्रॉअर में रखी है।
इनका दावा भी बड़ा दिलचस्प है—“हम बेबाक हैं, हम किसी से डरते नहीं।”
बिल्कुल सही।
जब तक मामला दूसरे के दरवाजे पर हो, तब तक बेबाकी पूरे फॉर्म में रहती है।
लेकिन कहानी में एक नया मोड़ तब आया, जब एक पत्रकार ने एक माननीय का स्टिंग ऑपरेशन कर दिया। स्टिंग सामने आया तो राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। कोई समर्थन में आया, कोई विरोध में, कोई स्टिंग की जांच की मांग करने लगा और कोई अपने-अपने हिसाब से इस पूरे मामले का राजनीतिक पोस्टमार्टम करने लगा।
और फिर हमारे बेबाक पत्रकार महोदय भी मैदान में उतर आए।
क्योंकि आखिर चैनल भी तो चलाना है!
स्टिंग करने वाले पत्रकार को अपने चैनल पर बुलाया गया। सवाल-जवाब हुए। कैमरा चला। चर्चा हुई। खबर को हवा मिली। उस समय शायद स्टिंग करने वाला पत्रकार पत्रकारिता का एक महत्वपूर्ण चेहरा था और उसकी खबर इतनी महत्वपूर्ण थी कि उस पर पूरा कार्यक्रम किया जा सकता था।
लेकिन फिर कहानी ने करवट ली।
स्टिंग करने वाले पत्रकार पर FIR हो गई।
बस, यहीं से पत्रकारिता का तापमान अचानक बदल गया।
जिस पत्रकार की खबर पर कल तक कैमरा चमक रहा था, आज उसी पत्रकार की गलती गिनाई जाने लगी।
अरे भाई!
जब इंटरव्यू ले रहे थे, तब क्या कैमरे के पीछे से कोई फुसफुसाकर नहीं बता रहा था कि “साहब, यह पत्रकार गलत कर रहा है”?
उस समय तो सवाल पूछने में कोई दिक्कत नहीं थी।
उस समय तो स्टिंग की चर्चा करने में कोई डर नहीं था।
उस समय तो टीआरपी का मीटर भी शायद बड़ी तेजी से घूम रहा था।
लेकिन जैसे ही FIR की खबर आई, अचानक ज्ञान की नई किस्त जारी हो गई—
“भाई, उससे गलती हो गई…”
वाह!
यह पत्रकारिता है या मौसम विभाग?
हवा बदली और बयान बदल गया।
कल तक जिसकी खबर पर कार्यक्रम हो रहा था, आज उसी पर नैतिकता का लेक्चर शुरू हो गया।
सवाल यह नहीं है कि स्टिंग करने वाले पत्रकार से गलती हुई या नहीं हुई।
सवाल यह है कि जब आप उसका इंटरव्यू कर रहे थे, तब आपको यह गलती क्यों दिखाई नहीं दी?
अगर आपको सचमुच लगता था कि स्टिंग गलत तरीके से किया गया है, तो उसी समय सवाल उठाइए।
अगर आपको लगता था कि पत्रकार ने सीमा लांघी है, तो कैमरे पर बोलिए।
अगर आपको लगता था कि खबर में दम नहीं है, तो उसका खंडन कीजिए।
लेकिन पहले खबर को अपने चैनल पर जगह देना और मामला गर्म होते ही कहना कि—
“भाई, उससे गलती हो गई…”
यह बेबाकी नहीं, इसे तो पत्रकारिता की सुरक्षित पार्किंग कहा जाएगा।
और सबसे मजेदार बात यह है कि बेबाकी का दावा करने वालों को शायद FIR की धाराओं से ज्यादा डर इस बात का होता है कि कहीं अगला नोटिस उनके पते पर न पहुंच जाए।
क्योंकि मामला जब दूसरे के घर तक था, तब कैमरा ऑन था।
अब मामला अपने दरवाजे तक आने की संभावना दिखी तो कैमरे की चमक थोड़ी कम हो गई।
भाई साहब!
पत्रकारिता में दो रास्ते होते हैं।
या तो खड़े रहिए।
या फिर मत खड़े रहिए।
साथ दीजिए।
या फिर मत दीजिए।
लेकिन कम से कम कहानी पलटने के बाद उसी आदमी की कमियां गिनाकर अपनी पुरानी भूमिका को सही साबित करने की कोशिश तो मत कीजिए।
क्योंकि जनता कैमरा देखती है, लेकिन कैमरे के पीछे का डर भी समझती है।
आज सवाल सिर्फ उस स्टिंग का नहीं है।
सवाल यह भी है कि अगर खबर सही थी तो उसका साथ कौन देगा?
अगर खबर गलत थी तो उसे पहले मंच किसने दिया?
और अगर स्टिंग करने वाला पत्रकार कानून के घेरे में आया है, तो क्या सिर्फ FIR के बाद उसकी पत्रकारिता अचानक गलत हो गई?
या फिर मामला यह है कि—
जब खबर से टीआरपी मिल रही थी, तब पत्रकारिता थी;
जब FIR दिखी, तब वही खबर गलती बन गई?
अब आगे कहानी दिलचस्प होगी।
कहा जा रहा है कि FIR के बाद अधिकारियों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। अगर यह सच है तो सवाल और गंभीर हो जाता है—जांच होगी, कार्रवाई होगी, गिरफ्तारी होगी या मामला किसी और मोड़ पर जाएगा?
यह तो वक्त बताएगा।
लेकिन एक बात जरूर तय है—
बेबाक होने का दावा करना आसान है, बेबाक बने रहना मुश्किल।
कैमरे के सामने बड़ी-बड़ी बातें करने वाले बहुत मिलेंगे।
लेकिन असली पत्रकारिता तब दिखाई देती है, जब कैमरा बंद हो, मामला गर्म हो और डर सामने खड़ा हो।
बाकी तो…
माइक सबके पास होता है,
लेकिन रीढ़ की हड्डी हर किसी के पास नहीं होती।
-दिलीप सिंह
*********************