Review meeting held in Ranchi regarding preparations for SIR-2026; strict instructions issued to officials

रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Review meeting held in Ranchi regarding preparations for SIR-2026; strict instructions issued to officials

बैठक में उपायुक्त ने SIR-2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की और शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है, इसलिए सभी ERO और AERO अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की गहन जांच करें, ताकि अंतिम प्रकाशन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे।

अभिलेखों के सुरक्षित भंडारण पर जोर

उपायुक्त ने SIR प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त प्रपत्रों, नोटिस, सुनवाई से संबंधित दस्तावेज, निष्पादन प्रतिवेदन और अन्य निर्वाचन अभिलेखों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्गीकरण, सूचीकरण और सुरक्षित भंडारण किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।

Logical Discrepancy और No Mapping मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

बैठक में Logical Discrepancy और No Mapping से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि काम के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।

लापरवाही पर शोकॉज, सुधार नहीं हुआ तो निलंबन की चेतावनी

SIR कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उपायुक्त ने LRDC बुंडू छवि बाला और अंचल अधिकारी बुंडू हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले तीन दिनों में कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा जिले के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों के AERO को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया।

ERO को क्लोज मॉनिटरिंग के निर्देश

सभी ERO को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे SIR संबंधी कार्यों की क्लोज मॉनिटरिंग करने और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में फॉर्म-6 के निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

छठ घाटों की व्यवस्था की भी समीक्षा

बैठक में आगामी छठ महापर्व को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा गया। साथ ही छठ समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी सेवाएं मुख्य रूप से प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर पर मिलती हैं और इन कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यवहार ही सरकार की छवि बनाता है।

उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार और समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाने और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।

आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे पर अंचल अधिकारी की जवाबदेही

उपायुक्त ने आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी अंचल में आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत या मामला सामने आने पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में भूमि संबंधी मामलों की विशेष निगरानी करने और आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े प्रशासनिक दायित्वों का भी पूरी तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।

******************************