A major gift for 3.94 lakh women in Ranchi ahead of Dhanteras: ₹98.50 crore credited to their accounts.

रांची। धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार ने रांची जिले की महिलाओं को आर्थिक संबल और सम्मान का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के तहत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 07 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की सम्मान राशि का सफलतापूर्वक भुगतान किया गया है।

योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में ₹2,500 की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई। इस तरह रांची जिले की लाभुक महिलाओं के खातों में कुल ₹98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।

दीपावली से पहले बढ़ीं त्योहार की खुशियां

धनतेरस और दीपावली से ठीक पहले सम्मान राशि मिलने से जिले की लाखों महिलाओं और उनके परिवारों में त्योहार की खुशियां बढ़ गई हैं। सरकार के अनुसार, इस राशि से महिलाएं घरेलू जरूरतों को पूरा करने, परिवार के खर्च में सहयोग देने और अपनी आर्थिक जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

उपायुक्त ने बताया महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि धनतेरस और दीपावली जैसे पावन त्योहारों से पहले लाभुक महिलाओं के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और महिलाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस राशि से महिलाओं को परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ-साथ त्योहार की खुशियों में सहभागी बनने में सहायता मिलेगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि योजना का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

रांची के विभिन्न क्षेत्रों में लाभुक महिलाओं की संख्या

रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या इस प्रकार है—

  • अनगड़ा – 16,705
  • अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 13,347
  • बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 10,042
  • बेड़ो – 20,562
  • बुंडू – 8,556
  • बुंडू नगर पंचायत – 3,558
  • बुढ़मू – 17,765
  • चान्हो – 19,332
  • हेहल शहरी क्षेत्र – 16,308
  • इटकी – 10,135
  • कांके – 31,502
  • कांके शहरी क्षेत्र – 1,280
  • खलारी – 9,597
  • लापुंग – 11,784
  • मांडर – 22,933
  • नगड़ी – 18,250
  • नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,216
  • नामकुम – 17,958
  • नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,504
  • ओरमांझी – 17,840
  • राहे – 9,531
  • रातू – 20,290
  • सिल्ली – 21,282
  • सोनाहातू – 13,088
  • तमाड़ – 18,751
  • टाउन अर्बन – 25,891

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने और सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। धनतेरस के अवसर पर सम्मान राशि का यह हस्तांतरण रांची जिले की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले एक विशेष सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

****************************