रांची। बुंडू थाना क्षेत्र के बिसरा मोड़ के पास स्थित टायर कॉर्नर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 16 अपोलो टायर, तीन मोबाइल फोन, चार पीस बैटरी, एक इन्वर्टर, एक स्टेबलाइजर और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की टाटा मैजिक गाड़ी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 की रात बुंडू थाना क्षेत्र के बिसरा मोड़ के पास स्थित टायर कॉर्नर दुकान से अज्ञात अपराधियों ने 26 पीस अपोलो टायर, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, करीब 30 से 40 हजार रुपये नकद तथा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया था। इस संबंध में बुंडू थाना कांड संख्या 61/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026, धारा 334(1)/303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची के नेतृत्व में बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए चोरीकांड का सफल उद्भेदन किया।
जांच के क्रम में पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा, उसके साथी प्रवीण पातर मुंडा और रमेश सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए अपोलो टायर अड़की थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त लाल रंग की TATA MAGIC गाड़ी भी आरोपियों के घर से बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपी करण कुमार महतो के घर से भी चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अड़की थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर 2026 को एक दुकान तथा एक घर में चोरी किए जाने की बात भी स्वीकार की है। इन घटनाओं से संबंधित चोरी का सामान भी करण कुमार महतो के घर से बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- राधा मोहन सिंह मुंडा, उम्र करीब 36 वर्ष, पिता गोवर्धन मुंडा, ग्राम जरंगा टोला, लेम्बा, थाना अड़की, जिला खूंटी।
- प्रवीण पातर मुंडा, उम्र करीब 32 वर्ष, पिता स्व. मोहन पातर मुंडा, ग्राम बारूहातू रोड, खुदीमाड़ी, थाना अड़की, जिला खूंटी।
- रमेश सिंह मुंडा, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता स्व. मोहन पातर मुंडा, ग्राम बारूहातू रोड, खुदीमाड़ी, थाना अड़की, जिला खूंटी।
- करण कुमार महतो, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता लबोधन महतो, ग्राम एदलडीह, थाना तमाड़, जिला रांची।
बरामद सामान
- घटना में प्रयुक्त TATA MAGIC गाड़ी, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AU-2034
- 16 पीस अपोलो टायर (विभिन्न साइज के)
- 3 मोबाइल फोन
- 4 पीस बैटरी
- 1 इन्वर्टर
- 1 स्टेबलाइजर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राधा मोहन सिंह मुंडा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अड़की थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
एसआईटी में शामिल पुलिसकर्मी
छापामारी दल में बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो सहित अनुसंधानकर्ता, तकनीकी शाखा एवं बुंडू थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरीकांड का खुलासा किया।
************************