Preparations for the Jagannathpur Rath Yatra intensify; special emphasis on security and arrangements.

रांची,09.06.2026 –  जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में रांची समाहरणालय के ब्लॉक-ए सभागार में गुरुवार को जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले 365वें रथयात्रा महोत्सव को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जगन्नाथ मेला अवधि के दौरान मेला क्षेत्र की 500 मीटर परिधि में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। संबंधित अधिकारियों को इसकी व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र में वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे तथा खोया-पाया केंद्र संचालित होगा। पूरे रथयात्रा मार्ग पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी और बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। स्थानीय थाना प्रभारियों को रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ प्रबंधन, चोरी की घटनाओं की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

सड़क, सफाई और पर्यावरण पर विशेष ध्यान

बैठक में मंदिर मार्ग एवं रथयात्रा पथ की सड़कों की मरम्मत कार्य की समीक्षा की गई तथा कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। मेला क्षेत्र में प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा तथा पूरे क्षेत्र का लेआउट प्लान तैयार किया जाएगा।

आपातकालीन सेवाओं की रहेगी व्यवस्था

मेला क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की तैनाती, इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन अनिवार्य होगा।

पर्यटन के रूप में विकसित करने पर जोर

बैठक में जगन्नाथपुर रथयात्रा को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा के लिए अलग से बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा रांची की सांस्कृतिक पहचान है। इस ऐतिहासिक महोत्सव को सभी विभागों के समन्वित प्रयास से भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन कर सकें।

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, जल, यातायात विभाग तथा जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

**************************