जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन
प्रथम बार मासिक धर्म में प्रवेश करने वाली किशोरियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया और उन्हें हाइजिन एवं पोषण किट प्रदान किया गया
जिले के समस्त कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के लिए 16 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई गईं
कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके को सैनिटरी नैपकिन डिस्पोजर मशीन भी प्रदान की गई
मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है:- जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
राँची,30.05.2026 – जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 30 मई 2026 को राँची जिले में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में समाहरणालय ब्लॉक बी सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष का मुख्य थीम “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ्य रहो” रहा, जिसका उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं को तोड़ना और किशोरियों-बालिकाओं में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त राँची श्री संजय भगत, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सुरभि सिंह, कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राएं, शिक्षिकाएं, महिला पर्यवेक्षिका, CDPO तथा संबंधित जिला पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रथम बार मासिक धर्म में प्रवेश करने वाली किशोरियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया और उन्हें हाइजिन एवं पोषण किट प्रदान की।
इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा जिले के समस्त कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के लिए 16 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई गईं। साथ ही कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांके को सैनिटरी नैपकिन डिस्पोजर मशीन भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी बालिकाओं एवं छात्राओं को उपायुक्त ने महावारी स्वच्छता की शपथ दिलाई।उपायुक्त द्वारा सभी बालिकाओं को सैनिटरी नैपकिन पैड भी वितरित किए गए।
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कस्तुरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं के बीच स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह कार्यक्रम जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले की हर किशोरी मासिक धर्म से संबंधित सही जानकारी, स्वच्छता एवं उचित संसाधनों से युक्त हो।
******************************