मुख्यमंत्री सहित कई राजनितिक व सामाजिक लोगों ने अयोध्या राजसदन के मुखिया के निधन पर जताया शोक
अयोध्या 24 Aug, (एजेंसी) । अयोध्या राजसदन के मुखिया और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र (राजा साहब) का शनिवार की रात 11 बजे निधन हो गया। 75 वर्षीय राजा साहब के निधन की खबर से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राजनितिक व सामाजिक लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा “राजसदन के मुखिया विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का निधन अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। शांति।“
राजसदन के मुखिया विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के भाई शैलेन्द्र मोहन मिश्र ने बताया कि शनिवार रात अचानक उनका ब्लड प्रेशर गिर गया, जिससे उनकी तबीयत खराब हो गई। डॉक्टर को तत्काल बुलाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। राजा साहब ने अपने निवास राजसदन में अंतिम सांस ली। पिछले वर्ष ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था।
विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र न केवल अयोध्या के राजघराने के सम्मानित मुखिया थे, बल्कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से भी गहराई से जुड़े रहे। उन्हें अयोध्या की सांस्कृतिक व धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता था। राजा साहब के निधन से न केवल अयोध्या, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में गम का माहौल है। कई मंत्री व जनप्रतिनिधियों के अयोध्या पहुंचने की सूचना है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किए श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य एवं राजसदन अयोध्या के मुखिया विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का निधन अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन सदैव समाज सेवा और धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु समर्पित रहा। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस दुःखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य ,वरिष्ठ अधिवक्ता विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन पर अधिवक्ता परिषद अवध प्रांत जिला इकाई द्वारा शोक प्रकट किया गया है परिषद के अध्यक्ष अरविंद कौल एवं अधिवक्ता परिषद के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अपने स्वभाव एवं सादगी के कारण विमलेंद्र मोहन जी हमेशा याद किए जाएंगे ,अजय प्रताप सिंह अनीता पाठक, महामंत्री रत्नेश सिंह कर्मवीर सिंह, राधा रमन सिंह ,आनंद पांडे, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय रस्तोगी, आशुतोष पांडे ,आदित्य पांडे, सुरेश सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, अधिवक्ता राकेश वेद ,अधिवक्ता अजय वर्मा आदि ने शोक प्रकट किया है।
कांग्रेस पार्टी ने अयोध्या राजा एवं राम जन्म भूमि ट्रस्ट के सदस्य विमलेंद्र प्रताप मिश्र के आकस्मिक निधन पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर एक शोक सभा का आयोजन किया, सभा में उपस्थित लोगों ने 2 मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा के शांति के लिए प्रार्थना किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम एवं जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने अयोध्या राजा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और कहा उनके निधन से अयोध्या की जो छति हुई है उसकी भरपाई वर्षों तक नहीं पूरी की जा सकती है।
पूर्व सांसद डॉक्टर निर्मल खत्री अयोध्या राज सदन पहुंचकर स्वर्गीय विमलेंद्रमोहन प्रताप मिश्रा जी के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए पुष्पअर्पित कर श्रद्धांजलि दी उन्होंने कहा पप्पू भैया ऊर्फिया से मशहूर भाई की तरह स्नेह देने वाले पप्पू भाई का निधन स्तब्ध करने वाला है, बरसों से हम लोगों ने जो पारिवारिक संबंध चलाया उसमें राजनीति कभी आड़े नहीं आई उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी ,श्री खत्री के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दयानंद शुक्ला, उपाध्यक्ष राजकुमार पांडे, पूर्व महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, युवा कांग्रेस महामंत्री अनमोल शुक्ला ने भी श्रद्धांजलि दी।
************************