Under the “Justice on Wheels” program, the mobile Lok Adalat cum Legal Awareness Van was flagged off.

एक माह तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में चलेगा विधिक जागरूकता अभियान

पाकुड़,06.11.2025 – न्याय सबके द्वार तक पहुंचे — इसी उद्देश्य के साथ पाकुड़ से “जस्टिस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम के तहत चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह विशेष वाहन जिले के सभी प्रखंडों में जाकर आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान करेगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), पाकुड़ श्री शेषनाथ सिंह की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री संजीत चंद्रा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी श्री सदीश उज्ज्वल बैक, बार एसोसिएशन के सचिव श्री दीपक ओझा, डीएसपी श्री अजय आर्यन समेत न्यायालय कर्मी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

वैन के साथ डीएलएसए की सचिव सुश्री रूपा वंदना किरो एवं पीएलवी (पैरालीगल वॉलंटियर्स) विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता फैलाएँगे। यह अभियान आगामी एक माह तक जिले के सभी प्रखंडों में लगातार जारी रहेगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शेषनाथ सिंह ने कहा कि विधिक जागरूकता ही न्याय तक पहुंच का पहला कदम है। हमारा लक्ष्य ‘हर नागरिक तक न्याय’ के संकल्प को साकार करना है। न्याय सेवा अब लोगों के द्वार तक पहुंचेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रह जाए।”

इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भी कहा कि प्रशासन एवं न्यायपालिका के समन्वय से ऐसे कार्यक्रम समाज में विधिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

***********************