उपायुक्त कंचन सिंह व पुलिस अधीक्षक एम अर्शी के नेतृत्व में सफल आयोजन, लाखों श्रद्धालु बने साक्षी
सिमडेगा, 5 नवंबर 2025 – कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिमडेगा स्थित ऐतिहासिक रामरेखा धाम में आयोजित प्रथम राजकीय रामरेखा महोत्सव 2025 भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

राजकीय रामरेखा महोत्सव 2025 में झारखंड,छत्तीसगढ़ और उड़ीसा सहित अन्य राज्यों के पर्यटक श्रद्धालु शामिल हुए।

उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक एम अर्शी के कुशल नेतृत्व एवं प्रबंधन में इस महोत्सव ने जिले में आस्था, संस्कृति ,प्रकृति और अनुशासन का अनोखा विहंगम समन्वय प्रस्तुत किया।

लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक बना दिया। महोत्सव के दौरान स्थानीय से लेकर वैश्विक स्तर के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंच पर नन्ही कलाकार नैना कुमारी ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया। पूरे आत्मविश्वास के साथ झूमते हुए इस छोटी बच्ची ने ऐसा प्रदर्शन किया कि उपायुक्त कंचन सिंह ने स्नेहपूर्वक उसे गोद में उठा चूम लिया। उपस्थित सभी लोगों ने नैना को खूब प्यार और आशीर्वाद दिया।
उपायुक्त सिमडेगा के नेतृत्व में प्रशासनिक तैयारियों ने राजकीय रामरेखा महोत्सव को सुचारू ,शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न किया।
उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने नोडल पदाधिकारी के रूप में अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जहाँ उत्साह,उमंग, श्रद्धा ,भक्ति और शांति के साथ मनोरंजन का समन्वय दिखाई दिया।
दुर्गम महोत्सव स्थल पर व्यवस्था, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा और जनसुविधाओं के लिए बेहतर व्यवस्था ने प्रशासन की तत्परता और समर्पण को प्रदर्शित किया ।
महोत्सव में गायक जगदीश बड़ाईक,हास्य अभिनेता रविन्द्र जोनी, लोक गायिका राधा श्रीवास्तव और प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने अपनी प्रस्तुतियों से समूचे वातावरण को भक्ति और देशभक्ति के रंगों में रंग दिया।
मंच से उठते सुरों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और रामरेखा धाम भक्ति रस में सराबोर हो गया।
श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन एवं दंडाधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।
दंडाधिकारी,पुलिस अधिकारी और जवानों ने श्रद्धा और सुरक्षा दोनों का संतुलन बनाए रखा। भीड़ के दबाव के बावजूद शांतिपूर्वक व्यवस्था संभालते हुए उन्होंने अनुशासन और संयम का परिचय दिया।
स्वयं उपायुक्त कंचन सिंह,एवं एसपी एम अर्शी ने पूरे महोत्सव क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की। जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्परता से कार्रवाई कर रास्तों को सुचारू कराया गया।
जनसहभागिता, प्रशासनिक कुशलता और सांस्कृतिक उल्लास के मेल से संपन्न राजकीय रामरेखा महोत्सव 2025 ने सिमडेगा जिले को नई पहचान दी है।
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आए सभी कलाकारों को जेएसएलपीएस की दीदीयों द्वारा बनाए गए स्मृति चिन्ह भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। महोत्सव के कार्यक्रम का मंच संचालन मीनाक्षी शर्मा ने की।
कार्यक्रम में जिले के सभी पदाधिकारी गण सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
*****************************