Senior Congress leaders including Rahul Gandhi attended Dr Manmohan Singh's last journey

नई दिल्ली,28 दिसंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जब तक सूरज चांद रहेगा मनमोहन सिंह का नाम रहेगा, जैसे नारों के बीच पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्यालय से निकली। इससे पहले शनिवार सुबह पूरे सम्मान के साथ भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना के अधिकारी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर लेकर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, जहां स्वर्गीय मनमोहन सिंह की धर्मपत्नी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए सेना के वाहन पर रखा गया। इस वाहन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के परिवार के लोगों के साथ मौजूद रहे।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर होना तय किया गया है। अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय पर डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, डीके शिवकुमार, अशोक गहलोत, केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

तीनों सशस्त्र सेनाओ के अधिकारियों ने पूर्ण सम्मान के साथ पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को उनकी शव यात्रा के लिए फूलों से सजाए गए वाहन पर रखा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम कांग्रेस मुख्यालय के बाहर उमड़ा।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि दिए जाने के बाद कांग्रेस मुख्यालय से श्मशान घाट के लिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा शुरू हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर के पीछे-पीछे चलता रहा। लोग मनमोहन सिंह अमर रहें के नारे लगाते रहे।

***************************

Read this also :-

विश्वक सेन की लैला की रिलीज तारीख से उठा पर्दा

पुष्पा 2 भारत में 1200 करोड़ रुपये का आंकड़ा की ओर