पात्र मतदाताओं की मैपिंग एवं जनगणना कार्य में तेजी लाने का निर्देश
अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग ससमय पूर्ण करने का निर्देश
कार्य नहीं करनेवाले बीएलओ पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
रांची,02.06.2026 – जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं जनगणना कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण एवं जनगणना कार्यों की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, रांची जिला अंतर्गत सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-उप जिला जनगणना पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में चल रहे मतदाता मैपिंग कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान एवं मैपिंग की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं समावेशिता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी मतदान केंद्रों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), बूथ लेवल एजेंट-2, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठकें शीघ्र आयोजित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बीएलए-२ एवं बीएलओ आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि बीएलए-२ एवं बीएलओ मतदाताओं को घोषणा-पत्र एवं गणना-पत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले 11 प्रकार के स्वीकृत दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दें, जिससे मतदाता सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त बीएलओ संबंधी शिकायतों पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
विशेष गहन पुनरीक्षण के सफल संचालन हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने, क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
बैठक में जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए प्रत्येक परिवार एवं भवन का सही एवं अद्यतन विवरण दर्ज किया जाना आवश्यक है।
प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जनगणना कार्य के दौरान भवनों पर लगाए जा रहे स्टिकरों को निर्धारित मानक के अनुसार सही स्थान पर सही तरीके से चिपकाने का निर्देश दिया, ताकि उनकी स्पष्ट पहचान बनी रहे और भविष्य में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने जनगणना कार्य में संलग्न कर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
*************************