Review Meeting on Schemes Related to Social Welfare, Health, and Social Security

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजत की गयी बैठक

योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश

कांके, ओरमांझी एवं रातू अंचल द्वारा आंगनबाड़ी भवन निर्माण हेतु भूमि विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित अंचल अधिकारियों को शोकॉज

आंगनबाड़ी केंद्रों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग निर्माण के लंबित कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश

संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, APAAR ID एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष जोर

स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त समन्वय पर बल

रांची,20.05.2026 – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 20.05.2026 को समाहरणालय स्थित सभागार में समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए श्री संजय भगत, सिविल सर्जन श्री प्रभात कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सुरभि सिंह, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रांची, जिला मलेरिया पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, एसीएमओ, सभी एमओआईसी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम), सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य की समीक्षा के क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मनरेगा अभिसरण से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। साथ ही महिला पर्यवेक्षिकाओं को भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। कांके, ओरमांझी एवं रातू अंचल द्वारा आंगनबाड़ी भवन निर्माण हेतु भूमि विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अंचल अधिकारियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा Co-location के अंतर्गत संबंधित विद्यालयों में आंगनबाड़ी भवन निर्माण, शौचालय निर्माण एवं पेयजल व्यवस्था के लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने हेतु कार्यकारी एजेंसी एवं कार्यपालक अभियंता एनआरईपी-1 को निर्देशित किया गया।

संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण कार्यक्रम पर विशेष जोर

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ड्यू-लिस्ट के अनुसार शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचनी चाहिए तथा सुरक्षित मातृत्व को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने वीएचएसएनडी के माध्यम से टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा प्रत्येक योग्य लाभार्थी तक सेवाएं पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

पोषण ट्रैकर ऐप एवं APAAR ID निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोषण ट्रैकर ऐप में शत-प्रतिशत डाटा एंट्री सुनिश्चित की जाए ताकि योजनाओं की मॉनिटरिंग प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से हो सके। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का अपार आईडी निर्माण कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया।

एमटीसी केंद्रों की मॉनिटरिंग एवं सफलता की कहानियों के संकलन पर जोर

बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा एमटीसी में इलाजरत बच्चों की सक्सेस स्टोरी तैयार करने एवं सभी एमटीसी केंद्रों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।

रेनवाटर हार्वेस्टिंग एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर निर्देश

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग निर्माण के लंबित कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने हेतु कार्यकारी एजेंसी पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त सभी आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के पास क्रियाशील शौचालय होने संबंधी प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर विभागीय नियमों के अनुरूप शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

One Stop Center एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा

One Stop Center में आने वाली महिलाओं को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिया गया।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आधार संख्या उपलब्ध रहने पर ही आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि लाभुकों का सत्यापन सुगमता से किया जा सके।

स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त समन्वय पर बल

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रखंड एवं क्लस्टर स्तर पर स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग की संयुक्त मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सतत अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समय पर प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

******************************