Relief for Traffic Personnel Amidst Scorching Heat Ranchi Police Begin Trial of ‘AC Jackets’

रांची,22.05.2026 –  राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक जवानों को विशेष “एयर कूल्ड जैकेट” उपलब्ध कराई गई है, जिससे ड्यूटी के दौरान उन्हें गर्मी से बचाया जा सके। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कुछ चुनिंदा ट्रैफिक पोस्ट पर लागू किया गया है।

यह खास जैकेट दो छोटे पंखों से लैस है, जो पावर बैंक से संचालित होते हैं। जैकेट के भीतर लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखकर यह शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है। इसके साथ ही इसमें रेडियम रिफ्लैक्टर भी लगाया गया है, जिससे रात में जवान आसानी से दिखाई दे सकें।

ट्रैफिक एसपी ने बताया कि भीषण गर्मी में जवानों को लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहकर ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे हीटस्ट्रोक और लू का खतरा बना रहता है। ऐसे में यह जैकेट जवानों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है। यदि ट्रायल सफल रहा, तो आने वाले दिनों में सभी ट्रैफिक जवानों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सड़क पर 8 से 10 घंटे तक धूप, धूल और वाहनों के धुएं के बीच ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं मानी जा रही है। रांची पुलिस की इस हाई-टेक पहल की आम लोगों के बीच भी सराहना हो रही है।

*******************************

 

You missed