Punjab Chief Minister Bhagwant Singh Mann met Union Agriculture Minister Shivraj Singh Chauhan in Delhi.

कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

हरित क्रांति के अग्रदूत पंजाब के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का भरोसा; किसान हित में केंद्र का पूरा सहयोग

पंजाब की धरती, पानी और किसान बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा संकल्प

फसल विविधीकरण पर शिवराज सिंह का फोकस, पंजाब के भविष्य को लेकर केंद्र का स्पष्ट रोडमैप

किसान को लाभ, पानी की बचत और मिट्टी की सेहत: शिवराज सिंह चौहान ने दिखाया क्रॉप डायवर्सिफिकेशन से समाधान का रास्ता

पंजाब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी केंद्र सरकार- शिवराज सिंह चौहान

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने आज नई दिल्ली में मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान श्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री भगवंत मान के साथ पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस उच्चस्तरीय चर्चा में धान की मिलिंग में आ रही समस्याओं, फसलों के विविधीकरण को बढ़ावा देने, जल संसाधनों के संरक्षण तथा तिलहन, दलहन, कॉटन और बागवानी मिशनों के जरिए कृषि के सतत विकास जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंजाब ने देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और आज भी वह भारत का अन्न भंडार बना हुआ है। उन्होंने पंजाब के किसानों के राष्ट्रीय खाद्यान्न उत्पादन में योगदान की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार कृषि से संबंधित सभी मिशनों में राज्य को पूरा सहयोग प्रदान करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार कृषि और जल संरक्षण से संबंधित सभी पहलों में पंजाब को हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की कपास, दलहन, तिलहन और बागवानी मिशनों और अन्य योजनाओं का लाभ पंजाब की कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों के कल्याण के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और पंजाब सरकार मिलकर राज्य में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने, जल संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि के सतत विकास के लिए कार्य करेंगी। पंजाब की उपजाऊ भूमि में अपार कृषि क्षमता है, लेकिन साथ ही जल संरक्षण और टिकाऊ खेती पद्धतियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

श्री चौहान ने कहा कि हम पंजाब के साथ मिलकर कार्य करेंगे ताकि किसानों को फसल विविधीकरण में नुकसान न हो, जल संसाधनों की रक्षा हो, मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर बने और कृषि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति अधिक सक्षम बने। इसके साथ ही श्री चौहान ने कहा कि देश में उर्वरकों की कमी नहीं है लेकिन मृदा का संतुलन बनाए रखने के लिए उर्वरकों के संतुलित उपयोग जरुरी है।

श्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब वर्तमान सीजन के लिए निर्धारित गेहूं खरीद लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करेगा। उन्होंने कहा, पंजाब 125 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद लक्ष्य को पूरा करेगा और खाद्यान्न उत्पादन में देश का नेतृत्व जारी रखेगा।

पंजाब द्वारा अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मांग से जुड़े प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न कृषि, सिंचाई और किसान कल्याण मिशनों के माध्यम से राज्य को सहयोग देती रहेगी। श्री चौहान ने पंजाब सरकार द्वारा केन्द्रीय सीड कमेटी में पंजाब के सदस्य को रखने के प्रस्ताव पर भी विचार करने के लिए आश्वासन दिया।

*************************