केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई काई राज्यों के सीएम की बैठक
रांची/कोलकाता 10 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । पश्चिम बंगाल की वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने रांची में आयोजित 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में बोलते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों को आपस में समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने आगे कहा कि इसका उद्देश्य लंबे समय से लंबित अंतर्राज्यीय मुद्दों को आपसी सहयोग से सुलझाना है।
पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच चल रहे विभित्र मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है।
बैठक में मयूराक्षी नदी पर बने मसांजोर डैम को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों राज्यों के बीच इस मसले को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है, लेकिन भट्टाचार्य के अनुसार, इस बार बातचीत रचनात्मक रही।
इसके अलावा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश की सीमा पर फेसिंग (बाड़बंदी) को लेकर भी अहम चर्चा हुई। चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बताया कि पश्चिम बंगाल सरकार इस मुद्दे को लेकर बेहद गंभीर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।
भट्टाचार्य ने यह भी बताया कि बांग्लादेश के साथ पश्चिम बंगाल की सीमा काफी लंबी है, इसलिए फेंसिंग का कार्य रणनीतिक रुप से महत्वपूर्ण है और इसे चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक के अंत में यह भी तय किया गया कि पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की अगली बैठक ओडिशा के पुरी में आयोजित की जाएगी, जिसके बाद इसे पश्चिम बंगाल में आयोजित किया जाएगा।
यह बैठक पूर्वी भारत के राज्यों के बीच आपसी सहयोग, विकास और सुरक्षा के मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण मंच के रुप में देखी जा रही है। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ कई राज्यों के सीएम की बैठक हुई ।
*******************************