Operation Sindoor Team of MPs reached Malaysia under the leadership of Sanjay Kumar Jha

भारत की वैश्विक शांति-नीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की मलेशिया ने सराहना की

नई दिल्ली , 01 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मलेशिया के दौरे पर है।  मलेशिया में सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को प्रवासी भारतीयों का व्यापक समर्थन मिला है।

प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के दौरान प्रवासी भारतीयों ने भारत की वैश्विक शांति-नीति और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की सराहना की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारतीय प्रवासी समुदाय में स्पष्ट समर्थन दिखा। प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद करते हुए कई प्रवासी सदस्यों ने भारत के बहुसांस्कृतिक समाज की एकजुटता और शांति की भावना दुनिया भर में फैलाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

प्रवासी भारतीयों ने कहा कि भारत की छवि एक शांतिप्रिय और एकजुट देश के रूप में उभर रही है, जो वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा से भारत-मलेशिया संबंधों में और मजबूती आने की उम्मीद है।

इस समर्थन से स्पष्ट है कि ऑपरेशन सिंदूर और भारत की वैश्विक आतंकवाद विरोधी रणनीति को न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी समर्थन मिल रहा है।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मलेशियाई मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्मों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी साझा की और मलेशिया में प्रमुख कार्यक्रमों पर चर्चा की। इसके अलावा, आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जदयू नेता संजय कुमार झा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना और आपसी समझ बढ़ाना है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मलेशियाई मीडिया के साथ बातचीत के दौरान भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।दोनों देशों के बीच मीडिया और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मलेशियाई पक्ष से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। संजय कुमार झा ने कहा कि यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर प्रतिनिधिमंडल भारत-मलेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेगा।

*****************************