20 किलोमीटर दूर ले जाकर की मारपीट
कोटा 19 April, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । शहर में खनन माफिया की दबंगई का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। देर रात खनिज विभाग की कार्रवाई के दौरान एक डंपर चालक ने डंपर रोकने पर होमगार्ड को अगवा कर लिया।
डंपर में बैठते ही चालक ने वाहन भगाया और लगभग 20 किलोमीटर तक होमगार्ड को साथ घुमाने के बाद सुनसान इलाके में पटक कर भाग गया।
घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र की है। खनिज विभाग की टीम देर रात 1:30 बजे के करीब कैथून पुलिया (बाईपास), एनएच 27 पर गश्त कर रही थी।
टीम में शामिल फॉरमेन गंगाधर मीणा ने बताया कि अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की जा रही थी। टीम में दो होमगार्ड व एक ड्राइवर शामिल थे।
गश्त के दौरान ग्रेवल से भरे एक डंपर को रोका गया। जब उसे जब्त करने की कार्रवाई शुरू हुई, तभी होमगार्ड परमपाल सिंह डंपर में बैठा, और उसी समय चालक ने गाड़ी को तेजी से भगा दिया।
डंपर के साथ एक कार भी एस्कॉर्ट कर रही थी। विभाग की टीम ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और खुद भी पीछा किया। डंपर चालक ने करीब 20 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाया और फिर नया नोहरा होते हुए एक सुनसान फॉरेस्ट एरिया में होमगार्ड को उतार कर उसके साथ मारपीट की और सड़क पर पटक कर फरार हो गया।
इस हमले में होमगार्ड को चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माइनिंग फॉरमेन की ओर से उद्योग नगर थाने में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने डंपर चालक का मोबाइल जप्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं खनिज विभाग ने भी कार्रवाई को लेकर सख्ती के संकेत दिए हैं।
बढ़ते मामलों पर चिंता
हाल के दिनों में कोटा में अवैध खनन और उससे जुड़े आपराधिक मामलों में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में खनन माफिया की इस तरह की हरकतें न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि जांच टीमों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
***********************