अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर श्री कुमार रजत ने की बैठक
तेल कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया रांची में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य
सभी कंपनियों को सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश
रांची,12.05.2026 – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार आज दिनांक 12.05.2026 अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर श्री कुमार रजत ने विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्रीमती मोनी कुमारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राम कुमार पांडेय भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान नामकुम एवं पिठोरिया क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों की समीक्षा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार रजत ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों से वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस पर प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार रजत ने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि लॉजिस्टिक एवं परिवहन से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान अपने स्तर से सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी तेल कंपनियां अपने-अपने रिटेल आउटलेट्स की लगातार मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़, जमाखोरी अथवा आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थिति उत्पन्न न होने दें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न देंऔर आवश्यकता अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें।
******************************