Laborer's luck shines in Panna 3 precious diamonds found in mine;now to be auctioned

पन्ना 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर गरीब की किस्मत बदल दी। जिले के बेनिसागर निवासी वृद्ध मजदूर महादेव प्रसाद प्रजापति को दो हफ्ते के भीतर उथली हीरा खदान पटी से एक नहीं, बल्कि तीन चमचमाते हीरे मिले हैं। महादेव प्रसाद ने इन हीरों को हीरा कार्यालय में जमा किया।

जानकारी के अनुसार, उन्होंने लगभग 20 दिन पहले ही पट्टा लेकर हीरा खादन शुरू की थी। इस दौरान उन्हें क्रमशः 2.58 कैरेट, 2.75 कैरेट और 3.09 कैरेट के जैम्स क्वालिटी के तीन हीरे प्राप्त हुए, जिनका कुल वज़न 8.42 कैरेट है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, इनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक हो सकती है।

वृद्ध महादेव प्रसाद ने बताया कि वह मजदूर तबके से हैं, कम सुनाई देता है और कच्चे घर में रहते हैं। उन्होंने कहा कि नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से वे अपनी आर्थिक स्थिति सुधारना चाहते हैं। बताया गया कि आज दो लोगों ने कुल चार हीरे जमा किए हैं, जबकि अक्टूबर माह में अब तक 10 हीरे और साल की शुरुआत से अब तक 68 हीरे हीरा कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं।

*****************************