India chaired the inaugural meeting of the BRICS 2026 Tourism Working Group.
नई दिल्ली – भारत की ब्रिक्स 2026 अध्यक्षता के अंतर्गत, ब्रिक्स 2026 पर्यटन कार्य समूह(टीडब्ल्यूजी) की पहली बैठक 25 मई 2026 को वर्चुअल माध्यम से सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त सचिव(पर्यटन) ने की।

IMG_256

यह बैठक “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास का निर्माण” विषय के अंतर्गत इस वर्ष के पर्यटन सहयोग एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए एक परिचयात्मक एवं तैयारी प्लेटफार्म के रूप में आयोजित की गई।

IMG_256

इस बैठक ने ब्रिक्स सदस्य देशों को अपने प्रारंभिक विचार प्रस्तुत करने तथा पर्यटन सहयोग के लिए भारत द्वारा निर्धारित विषयगत प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया। भारत की अध्यक्षता के तहत प्रमुख विषयगत प्राथमिकताओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) और पर्यटन, सतत विकास एवं उत्तरदायी पर्यटन, पर्यटन कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण, तथा पर्यटन आदान-प्रदान और सहज यात्रा सुविधा शामिल है।

IMG_256

इस उद्घाटन वर्चुअल बैठक से बनी गति को आगे बढ़ाते हुए, पर्यटन सहयोग की प्रक्रिया 19–20 अगस्त 2026 को राजस्थान के जयपुर में आयोजित होने वाली पर्यटन कार्य समूह(टीडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक के साथ जारी रहेगी। इसके बाद 21–22 अगस्त 2026 को जयपुर में ही ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक(टीएमएम) होगी।

ये दोनों प्रत्यक्ष बैठकें ब्रिक्स देशों को अपने सहयोग को मजबूत करने और साझा पर्यटन एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण और सार्थक मंच प्रदान करेंगी।

भारत वर्ष 2026 के दौरान इन बैठकों और गतिविधियों के माध्यम से ब्रिक्स देशों के बीच पर्यटन साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद करता है।

********************************