Heavy rains started due to monsoon activity, Meteorological Department issued alert

नईदिल्ली,22 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देश के कई राज्यों में मानसून की भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं दूसरी तरफ इससे उत्तर भारत में पारा नीचे आने से गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। कुछ जगह बादल छाए रहने से भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 22 जून को मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की आंशका जताई है।

मानसून की सक्रियता के चलते शनिवार को राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हुई और कुछ जगह अति भारी बारिश दर्ज की गई। जोधपुर में तेज बारिश के बीच पुलिया से फिसलकर एक कार बहकर 5 फीट गहरे नाले में गिर गई, जिससे 3 लोगों की मौत हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 22-23 जून को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग समेत 22 जिलों में कहीं भारी तो कहीं सामान्य बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून के पहुंचने से बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी और बुंदेलखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया है।

बिहार में भी मानसून पूरी तरीके से सक्रिय हो चुका है। रविवार को भी राज्य में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। दूसरी तरफ पंजाब में भी मानसून के आगमन की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर में शनिवार शाम को हुई हल्की बारिश से अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार सुबह से ही ठंडी हवा चलने और बादल छाने से मौसम सुहाना हो गया है।

दिन में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं। यह सिलसिला 27 जून तक रुक-रुक कर चलता रहेगा। लगातार बदल रही मौसमी परिस्थितियों के बीच 1-2 दिन के भीतर दिल्ली में मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से बारिश हो रही है। इसके चलते पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोडऩे वाले मुनस्यारी-मिलम हाईवे चट्टान खिसकने से अवरुद्ध हो गया।

रुद्रप्रयाग में गौरीकुंड के पास भूस्खलन के चलते यातायात बाधित रहा। रविवार को देहरादून, नैनीताल समेत आस-पास के क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है और कुछ जगह भूस्खलन हो सकता है।

******************************