नईदिल्ली,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मानसून की दस्तक के साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। इससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में झमाझम बारिश जारी रहने की संभावना है।
इसके साथ ही दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भी 1-2 दिन तक हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार बने हुए हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दक्षिण-पश्चिम मानसून से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम और मणिपुर में बाढ़ और भूस्खलन से हाहाकार मचा हुआ है।
ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
असम के सिलचर में 24 घंटे में 415.8 मिमी बारिश हुई, जो कि एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है, जिसने 1893 में 290.3 मिमी बारिश के 132 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बारिश जनित हादसों में अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर और मिजोरम में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
अगले 3-4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में भी गरज और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।
इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण और गोवा में 3 जून तक भारी बारिश हो सकती है। अगले 3 दिन में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री की गिरावट होगी।
उत्तर प्रदेश में सोमवार (2 जून) को कुछ इलाकों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान 30-50 की रफ्तार से हवा चल सकती है। पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने से गर्मी-उमस का असर रहेगा।
राजस्थान में 2 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
दिल्ली में रविवार (1 जून) शाम को तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कुछ जगह जलभराव के साथ पेड़ टूट गए।
आईएमडी के अनुसार, देश की राजधानी में 2 से 4 जून तक आंधड़ चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूजनत 23 डिग्री रहने का अनुमान है। साथ ही 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।
***************************