BJP has appointed presidents in 5 states including Maharashtra and Telangana

अब राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की बारी!

नई दिल्ली ,30 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष तय कर लिया है।

इसी के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव भी हो रहा है। प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी।

महाराष्ट्र में मौजूदा वर्किंग प्रेसिडेंट रविंद्र चव्हाण ने आज औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया। वे अब पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को महाराष्ट्र चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। यहां एन रामचंद्र राव प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। बीजेपी के वर्तमान राज्य अध्यक्ष और करीमनगर सांसद बंडी संजय कुमार का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।

राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद से बीजेपी संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह चुनाव अधिकारी हैं, जबकि आंध्र प्रदेश में बीजेपी सांसद पीसी मोहन को यह जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही राज्यों में आज नामांकन दाखिल किए गए हैं।

वहीं उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट ने पर्चा दाखिल किया है। इन पांच राज्यों में अध्यक्षों के चयन के साथ बीजेपी 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा कर लेगी। इसके बाद, 2 जुलाई को मध्य प्रदेश में चुनाव प्रस्तावित है। इससे कुल 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति हो जाएगी।

**************************