बलरामपुर 08 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में धर्मांतरण गैंग चलाने वाले छांगुर बाबा पर बड़ा एक्शन लिया गया है। छांगुर बाबा की आलीशान कोठी पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि ये कोठी अवैध तरीके से बनाई गई थी। जानकारी के मुताबिक ये वही कोठी है जिसमें छांगुर बाबा अपने गैंग के लोगों के साथ रहता था और यहीं से अपने काले साम्राज्य का संचालन करता था।
बलरामपुर में छांगुर बाबा के धर्मांतरण के काले कारनामे उजागर होने के बाद पुलिस-प्रशासन भी हरकत में आ गया है। जांच-पड़ताल के दौरान पता चला कि छांगुर बाबा ने कोतवाली उतरौला क्षेत्र के मधपुर गांव में जो आलीशान कोठी बनवा रखी है, वह अवैध है।
ये कोठी सरकारी जमीन पर बनाई गई है। इसको लेकर नोटिस जारी किया गया था। बेदखली का आदेश भी दिया गया। जिसके बाद अब कोठी पर बुलडोजर एक्शन हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, इस कोठी में छांगुर बाबा, नवीन रोहरा और नीतू रोहरा के साथ रहता था। जिस जमीन पर यह कोठी बनाई गई है वह गाटा संख्या 337/370 की जमीन में अवैध अतिक्रमण करके बनाई गई है।
यह जमीन नीतू नवीन अरोड़ा के नाम से है। जमीन की पैमाइश पूरी होने के बाद बुलडोजर की कार्रवाई की गई। इससे पहले जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाने का नोटिस चस्पा किया था। हालांकि, छांगुर बाबा के परिजनों के विरोध की वजह से कल पैमाइश नहीं हो सकी थी।
**************************