
आयोजन में वस्त्र सचिव श्रीमती नीलम शमी राव, अपर सचिव श्री रोहित कंसल, निर्यात संवर्धन परिषदों के वरिष्ठ प्रतिनिधि और उद्योग जगत के नेता उपस्थित रहे।
भारत टेक्स 2026
पिछले दो आयोजनों की उल्लेखनीय सफलता पर आधारित भारत टेक्स 2026 अब तक का सबसे बड़ा और सबसे प्रभावशाली संस्करण होगा। इसे 14 से 17 जुलाई 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस बार के आयोजन में 3,500 से अधिक व्यावसायिक प्रदर्शकों, 140 से अधिक देशों के 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1,30,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की व्यापक भागीदारी की संभावना है। यह आयोजन फाइबर और यार्न, कपड़े, परिधान और फैशन, घरेलू वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, हस्तशिल्प, हथकरघा और आधुनिक विनिर्माण प्रौद्योगिकियों सहित संपूर्ण वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित करेगा। यह आयोजन विनिर्माण, डिजाइन, प्रौद्योगिकी और व्यापार में भारत की एकीकृत शक्ति को दर्शाता है।
भारत टेक्स 2026, वर्ष 2024 और 2025 के पिछले सफल आयोजनों पर आधारित है और प्रदर्शनियों, ज्ञान सत्रों, खरीदार-विक्रेता बैठकों और नीतिगत संवादों का एक अनूठा संगम होगा, जिसका उद्देश्य चर्चाओं को व्यावहारिक परिणामों में बदलना है। विशेष फोकस क्षेत्रों में संवहनीय और चक्रीय वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एकीकरण, नवाचार और वैश्विक बाजार पहुंच शामिल हैं।
यह आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, प्रदर्शकों, स्टार्टअप्स, शिक्षाविदों और डिजाइनरों को अपने नवीनतम वस्त्र नवाचारों प्रदर्शित करने, वैश्विक निर्माताओं और खरीदारों से जुड़ने, उच्च स्तरीय चर्चाओं में शामिल होने और रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने का मंच प्रदान करेगा। यह आयोजन केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा निवेश आकर्षित करने, व्यापार को बढ़ावा देने और भारत के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र और पारंपरिक हथकरघा क्षेत्रों को दीर्घकालिक रूप से सुदृढ़ करने की गई प्रमुख नीतिगत पहलों और सुधारों को भी प्रदर्शित करेगा।
एक वैश्विक वस्त्र संवाद
भारत टेक्स 2026 का एक प्रमुख आकर्षण ग्लोबल टेक्सटाइल डायलॉग होगा, जिसमें नीति निर्माताओं, वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं और नवप्रवर्तकों को एक साथ लाने वाले ज्ञान सत्रों की एक श्रृंखला आयोजित होगी, जिससे वैश्विक व्यापार गतिशीलता, स्थिरता और ईएसजी मानक, इंडस्ट्री 5.0, तकनीकी वस्त्र और स्थिति अनुकूल आपूर्ति श्रृंखला जैसे उभरते रुझानों पर विचार-विमर्श होगा। इससे उद्योग हितधारकों और एमएसएमई को लाभकारी अंतर्दृष्टि प्राप्त होगी।
उद्योग नेतृत्व की पहल
यह आयोजन उद्योग जगत की पहल है और इसका आयोजन भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) द्वारा किया जाएगा, जो वस्त्र उद्योग से संबंधित 11 निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी) और अन्य उद्योग निकायों का एक समूह है। बीटीटीएफ के अध्यक्ष श्री नरेन गोयनका और सह-अध्यक्ष श्री भद्रेश डोडिया ने आयोजन संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी।
भारत टेक्स 2026 एक्सपो के बारे में अधिक जानकारी www.bharat-tex.com पर उपलब्ध है।