As per the directions of the Honorable Chief Minister Shri Hemant Soren, concrete steps will be taken to make Ranchi city beautiful, safe, and well-organized.

आवागमन और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

आयुक्त, रांची नगर निगम श्री सुशांत गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन सहित वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक

शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था सुचारु करने, बिजली के खंभों एवं उन पर लटके तारों को व्यवस्थित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

महिला सुरक्षा को लेकर बाजारों, शिक्षण संस्थानों व संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी एवं नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश

शहर की सुंदरता, सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाएगा कार्य

रांची,14.12.2025 – माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निदेशानुसार रांची शहर में आवागमन व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा आमजन के जीवन को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में आयुक्त, रांची नगर निगम श्री सुशांत गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर श्री गौतम राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री पुष्कर राणा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, अपर समाहर्ता, रांची श्री राम नारायण सिंह, उपसमाहर्ता नजारत श्री सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार सहित नगर निगम एवं सूडा के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, प्रमुख सड़कों एवं चौक-चौराहों पर यातायात को सुचारु करने, बेतरतीब ढंग से लगे बिजली के खंभों एवं उन पर लटके तारों को व्यवस्थित करने तथा विभिन्न मार्गों पर अनावश्यक कट्स को बंद करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस क्रम में उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा गया कि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त-सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बिजली के खंभों पर लटके अव्यवस्थित तारों को शीघ्र व्यवस्थित करने हेतु टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और शहर की छवि बेहतर बनाई जा सके।

इसके अतिरिक्त, शहर में टोटो परिचालन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसे लेकर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला परिवहन पदाधिकारी को टोटो संघ के साथ बैठक कर मार्ग निर्धारण, परिचालन अनुशासन एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य टोटो चालकों एवं आम नागरिकों के बीच संतुलन बनाते हुए सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा पुनः टोटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म और वाहन के पीछे चालक का नाम और मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में लिखवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

महिला सुरक्षा को लेकर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों के आसपास एवं रात्रिकालीन समय में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई, नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों की पहचान तथा आवश्यकतानुसार निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को नगर निगम की टीम के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, ताकि सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण हटाकर आमजन को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन रांची शहर को अतिक्रमण मुक्त, यातायात की दृष्टि से सुगम, नागरिकों के लिए सुरक्षित तथा सौंदर्यपूर्ण बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य करेगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर शहरवासी को सम्मान के साथ बेहतर जीवन सुविधाएँ उपलब्ध हों और रांची एक सुव्यवस्थित एवं आदर्श शहर के रूप में विकसित हो।

******************************