A special Self-Enumeration Drive will be conducted in Ranchi on May 10, 2026.

जिला प्रशासन द्वारा दोपहर 12 बजे से 01 बजे तक डिजिटल माध्यम से स्वगणना में भाग लेने की अपील

नागरिक se.census.gov.in पर जाकर स्वयं दर्ज कर सकते हैं अपना विवरण

“SELF ENUMURATION DRIVE” में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर डिजिटल स्वगणना अभियान को सफल बनाएँ – उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की जिलावासियों से जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील

रांची,09.05.2026 – उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार पूरे रांची जिले में “SELF ENUMURATION CAMPAIGN” व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों में कार्यालय प्रधानों एवं कर्मियों द्वारा डिजिटल माध्यम से स्वगणना में भाग लेकर जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता का संदेश दिया जा रहा है।

इसी क्रम में विभिन्न प्रखण्ड एवं अंचल कार्यालयों में भी पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। पंचायत सचिवालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी स्वगणना कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जोड़ा जा रहा है।

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि दिनांक 10 मई 2026 को मध्याह्न 12ः00 बजे से अपराह्न 01ः00 बजे तक जिले में अधिक से अधिक संख्या में नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वगणना में भाग लें तथा जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी आधारित है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं दर्ज कर सकते हैं जानकारी

नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। नागरिक se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूर्ण होने के बाद प्राप्त SE-ID को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा, जिसे प्रगणक के घर आने पर साझा करना होगा। स्व-गणना प्रक्रिया पूर्णतः ऐच्छिक है। यदि कोई नागरिक स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज नहीं करता है, तो निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी संग्रहित करेंगे।

जनगणना-2027 के प्रथम चरण को दो भागों में किया गया विभाजित

जनगणना-2027 के प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है। प्रथम भाग के अंतर्गत 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जबकि दूसरे भाग में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं घर-घर गणना कार्य किया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रत्येक क्षेत्र के प्रत्येक मकान एवं परिवार का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा।

16 मई से प्रारंभ होगा मकान सूचीकरण एवं घर-घर गणना कार्य

16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक प्रत्येक घर का भ्रमण कर मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य मूलभूत जानकारियों का संकलन करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक परिवार का सही, पूर्ण एवं अद्यतन विवरण सुनिश्चित करना है।

जनगणना से जुड़ी सभी सूचनाएँ रहेंगी पूर्णतः गोपनीय

जनगणना से संबंधित सभी जानकारियाँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत प्राप्त सूचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है। सभी डेटा सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहित किए जाते हैं तथा प्रकाशित रिपोर्ट में केवल सामूहिक आँकड़े ही प्रदर्शित किए जाते हैं। किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती तथा इसका उपयोग टैक्स, पुलिस अथवा किसी जांच संबंधी कार्य में नहीं किया जाता है।

नागरिकों की सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1855 उपलब्ध

जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता अथवा तकनीकी सहयोग के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 उपलब्ध कराया गया है।

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाएँ, सही एवं सत्य जानकारी उपलब्ध कराएँ तथा 10 मई 2026 को निर्धारित विशेष “SELF ENUMURATION DRIVE” में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर डिजिटल स्वगणना अभियान को सफल बनाएँ।

*************************