प्रखंडों से रक्त नमूना संग्रहण एवं उसे सदर अस्पताल तक सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को स्वीकृति दी गई
सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
सदर अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 6 ऑपरेशन थिएटर (OT) शुरू कर दिए गए हैं
सदर अस्पताल में महिलाओं को स्तन संबंधी बीमारियों की समय पर और सस्ती जांच की सुविधा शुरू
सदर अस्पताल राँची का निरीक्षण किया, कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए
राँची,02.04.2026 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज जिला अस्पताल प्रबंधन समिति (शासी निकाय ) की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें सदर अस्पताल को और अधिक आधुनिक, सुविधायुक्त एवं रोगियों के अनुकूल बनाने के लिए अनेक प्रमुख निर्णय लिए गए।

बैठक में माननीय विधायक, राँची के प्रतिनिधि, नगर आयुक्त के प्रतिनिधि, सिविल सर्जन राँची, डॉ. प्रभात कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी राँची, श्रीमती उर्वशी पांडेय, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, पेयजल विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, राँची तथा समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए।

उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार
सदर अस्पताल में PET Scan सुविधा शुरू करने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर लिया गया। साथ ही 24×7 रेडियोलॉजी सेवाओं को मंजूरी प्रदान की गई। इससे गंभीर रोगियों को अब जिला स्तर पर ही उच्च स्तरीय जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
ब्लॉक स्तरीय जांच व्यवस्था को मजबूती
प्रखंडों से रक्त नमूना संग्रहण एवं उसे सदर अस्पताल तक सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को स्वीकृति दी गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और समयबद्ध जांच रिपोर्ट मिल सकेगी।
रखरखाव, उपकरण खरीद एवं उपचार दरों का निर्धारण
मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना के अंतर्गत अस्पताल के भवनों एवं अवसंरचना के रखरखाव को प्राथमिकता से लागू करने का निर्णय लिया गया। एवं नए चिकित्सा उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई।
गैर-आयुष्मान मरीजों के उपचार के लिए उचित दरों का निर्धारण किया गया, ताकि सभी वर्गों के मरीजों को निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
संसाधन प्रबंधन एवं निष्पादन
सदर अस्पताल में खराब पड़े उपकरणों तथा पुराने मेडिकल रिकॉर्ड्स के उचित निष्पादन (disposal) का निर्णय लिया गया। इससे अस्पताल परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनेगा तथा नए संसाधनों के लिए जगह उपलब्ध होगी।
सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल राँची के नागरिकों एवं पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्र है। यहां दी जाने वाली सेवाओं में निरंतर सुधार लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
यह बैठक सदर अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। PET Scan, 24×7 रेडियोलॉजी, बेहतर ब्लॉक-लेवल कनेक्टिविटी और रखरखाव व्यवस्था से आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।
सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में हुई नई सुधार एवं विस्तार
सदर अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए दो पालियों में शुरू कर दिया गया है। अब मरीज सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक अल्ट्रासाउंड जांच करवा सकते हैं। इससे मरीजों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय पर जांच हो सकेगी।
सदर अस्पताल में महिलाओं को स्तन संबंधी बीमारियों की समय पर और सस्ती जांच की सुविधा शुरू
सदर अस्पताल में अब *मेमोग्राफी जांच* भी उपलब्ध हो गई है। सरकार द्वारा अनुमोदित दर पर यह जांच शुरू कर दी गई है, जिससे महिलाओं को स्तन संबंधी बीमारियों की समय पर और सस्ती जांच की सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा, सदर अस्पताल में बने आधुनिक ऑडिटोरियम का किराया निर्धारित कर दिया गया है। अब इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। यह ऑडिटोरियम चिकित्सा सम्मेलनों, कार्यशालाओं, जागरूकता कार्यक्रमों और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
सदर अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 6 ऑपरेशन थिएटर (OT) शुरू कर दिए गए हैं
सदर अस्पताल में एक बड़ी उपलब्धि यह है कि अब अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 6 ऑपरेशन थिएटर (OT)* शुरू कर दिए गए हैं। ये सभी OT दो पालियों में कार्यरत हैं, जिससे अधिक से अधिक ऑपरेशन समय पर किए जा सकें। इससे आपातकालीन और नियमित सर्जरी दोनों में तेजी आएगी और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
सदर अस्पताल को अब पूर्ण वाई-फाई जोन बना दिया गया है
इन सभी सुविधाओं के साथ-साथ सदर अस्पताल को अब पूर्ण वाई-फाई जोन बना दिया गया है। पूरे अस्पताल परिसर में अब तेज और निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध है। इससे डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को मेडिकल रिकॉर्ड्स अपडेट करने, ऑनलाइन रिपोर्ट्स देखने और बेहतर समन्वय बनाने में काफी आसानी होगी।
सदर अस्पताल राँची का निरीक्षण किया, कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी तथा अन्य विभागों का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति तथा मेडिकल उपकरणों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
*****************************