रांची। 14वीं JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आरोपी ऋतिक रोशन और पंकज प्रसून को अदालत से राहत नहीं मिली है। अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने सोमवार को दोनों की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी।
दोनों आरोपियों को CID ने सितंबर में गिरफ्तार किया था और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों आरोपी अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने से जुड़े मामले में शामिल थे और कोचिंग संचालक संजीत कुमार के संपर्क में थे।
CID की जांच में 14वीं JPSC समेत अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी ने मामले में डिजिटल साक्ष्य, दस्तावेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन समेत विभिन्न साक्ष्यों की जांच की है।
मामले में अब तक तत्कालीन JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते समेत 34 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, CID की ओर से 22 आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आगे कार्रवाई की तैयारी है।
****************************