Janata Darbar in Ranchi Collectorate, DC Manjunath Bhajantri listened to the problems of common people

रांची। रांची समाहरणालय में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को आयोजित जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में जमीन, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, पारिवारिक विवाद तथा सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए।

डीसी ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

सिल्ली अंचल के कर्मी पर सख्ती, शो-कॉज और वेतन रोकने का निर्देश

जनता दरबार में एक शिकायत पर डीसी ने सख्त रुख अपनाया। सिल्ली अंचल में पदस्थापित मंगरा भोक्ता के संबंध में उनकी पहली पत्नी ने अपने बेटे एवं बहू पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में रहता है और खतियानी संपत्ति बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने संबंधित अनुसेवक को शो-कॉज करने के साथ वेतन रोकने का निर्देश दिया।

22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड पर त्वरित कार्रवाई

जनता दरबार में खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता अपनी महज 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन लेकर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक विभागीय कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द राशन कार्ड उपलब्ध कराने तथा बच्ची को चिकित्सकीय लाभ दिलाने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।

वहीं, दाहिना फेफड़ा खराब होने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे बाली मिश्रा भी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन लेकर पहुंचे। डीसी ने विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

सक्षम व्यक्ति ने राशन कार्ड से नाम हटाने का दिया आवेदन

चर्च रोड निवासी विनय कुमार ने आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद राशन कार्ड से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन दिया। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के मामलों में तेजी के निर्देश

जनता दरबार में जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन भी आए। डीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को दस्तावेजों की नियमानुसार जांच कर पात्र आवेदकों के प्रमाण पत्र जल्द जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों और होमगार्ड अभ्यर्थियों के मामलों पर भी संज्ञान

जनता दरबार में वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ नहीं मिलने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुआ। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को मामले की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर पात्र लाभुकों को नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

वहीं, वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों का मामला भी सामने आया। बताया गया कि संबंधित अभ्यर्थियों ने इस मामले में उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और न्यायालय ने जिला प्रशासन को मामले को देखने का निर्देश दिया है। डीसी ने मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जमीन और पेंशन से जुड़ी शिकायतों की जांच के निर्देश

जनता दरबार में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, पंजी-2 में सुधार और म्यूटेशन से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा पेंशन से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों की त्वरित जांच कर पात्र आवेदकों को नियमानुसार पेंशन का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर ही समस्याओं के समाधान पर जोर

डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत एवं थाना क्षेत्रीय प्रशासन के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इन सभी इकाइयों की जिम्मेदारी है कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ अपने स्तर पर समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही होना चाहिए। यदि किसी नागरिक की समस्या प्रखंड, अंचल, पंचायत या थाना स्तर पर लंबित रहती है अथवा उसका उचित समाधान नहीं होता है, तो वह जनता दरबार में अपनी शिकायत रख सकता है।

डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने, शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और प्रत्येक मामले में जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।