पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खलारी के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल अपराधी दोबारा वारदात को अंजाम देने के इरादे से खलारी की ओर आ रहे हैं। इसके बाद SIT ने बलथरवा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध Wagon R कार को रोककर जांच की गई। कार में सवार अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने 8 नवंबर की आगजनी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण वे दोबारा घटना को अंजाम देने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
जांच में मो. मोहम्मील की भी घटना में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद SIT ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मोहम्मील इस पूरे घटनाक्रम का कथित मास्टरमाइंड है। वह पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था और कुछ दिन पहले कंपनी से निकाला गया था। पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से कंपनी के कर्मचारी सुरज कुमार की रेकी की और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी, कलीम अंसारी और मो. मोहम्मील शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हसन अंसारी का छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुड़े बैंक डकैती मामले में भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।
****************************