गरीबी उन्मूलन में कृषि और ग्रामीण विकास की भूमिका पर 23 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होगा महामंथन
कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की कार्यशाला में आगे की रणनीति होगी तय: शेष गरीब परिवारों का जीवन स्तर तेजी से ऊंचा उठाने के लिए होगा विमर्श- श्री शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का विषय “भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान” रखा गया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्रीगण श्री रामनाथ ठाकुर, श्री भागीरथ चौधरी, श्री चंद्रशेखर पेम्मासानी और श्री कमलेश पासवान तथा चारों सचिवों सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन में अब तक मिली सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना है। केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अवसर पर सभी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे के लक्ष्यों के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यशाला में इस बात पर गहन मंथन किया जाएगा कि वर्तमान में जो लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं, उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से और अधिक तेजी से गरीबी के दुष्चक्र से बाहर कैसे निकाला जाए।
बैठक के दौरान योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘गरीब कल्याण’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह कार्यशाला एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
****************************