रांची। मेसरा स्थित बीआईटी थाना क्षेत्र के देवी दर्शन, वैष्णवी नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई, जब गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने बिहार के छपरा जिले के परसा गांव गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार के वापस लौटने पर चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने मामले की सूचना बीआईटी थाना पुलिस को दी और प्राथमिकी दर्ज करायी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल चोरी गये सामान की पूरी सूची और बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
***************************