Major cyber fraud scheme in Ranchi 14.87 lakh rupees siphoned from 4 individuals' accounts via mobile hacking and fake links

रांची: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में साइबर अपराधियों ने ठगी के नए तरीके अपनाकर चार लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये निकाल लिए। किसी पीड़ित का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम उड़ाई गई, तो किसी को फर्जी लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाया गया। ठगी का शिकार हुए सभी लोगों ने साइबर क्राइम थाना और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

मोबाइल हैक कर सुबोध कुमार के खाते से 99 हजार रुपये निकाले

अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार का मोबाइल नंबर कथित तौर पर हैक कर लिया गया। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा स्थित उनके खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 99 हजार रुपये निकाल लिए गए।

बताया गया कि सुबोध कुमार का मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा। मोबाइल चालू होने के बाद उन्हें बैंक खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। जांच करने पर पता चला कि खाते से क्रमशः 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और 4 हजार रुपये निकाले गए हैं।

68 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से 7.45 लाख रुपये उड़ाए

नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा साइबर ठगी के बड़े शिकार हुए। उनके उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से छह नवंबर की रात दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 7.45 लाख रुपये निकाल लिए गए।

पहले ट्रांजेक्शन में 2.50 लाख रुपये और दूसरे में 4.95 लाख रुपये निकाले गए। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज मिलने के बाद उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया और खाता फ्रीज कराने की कार्रवाई की। इसके साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

फर्जी लिंक पर क्लिक करना युवती को पड़ा भारी

सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी भी साइबर अपराधियों के जाल में फंस गईं। उनके दो बैंक खातों से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार, छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया था। उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में जांच कराने पर बैंक खातों से साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई।

उनके एक खाते से 77 हजार रुपये और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाले गए।

विजय तिर्की के खाते से 4.14 लाख रुपये गायब

कोकर थाना क्षेत्र के डेला टोली, जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से भी साइबर अपराधियों ने 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए।

नौ नवंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम निकाली गई। पहले ट्रांजेक्शन में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरे में 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी हुई।

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही विजय तिर्की ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

साइबर अपराधियों के नए तरीकों से बढ़ी चिंता

चार अलग-अलग मामलों में हुई ठगी से साफ है कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोबाइल हैकिंग, फर्जी लिंक और संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों के जरिए बैंक खातों तक पहुंच बनाकर रकम निकाली जा रही है।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञ लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और मोबाइल में अज्ञात ऐप डाउनलोड न करें। बैंक से संबंधित ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

यदि मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद हो जाए या सिम काम करना बंद कर दे, तो तुरंत मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क करें। बैंक खाते में किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलते ही बैंक को सूचित करने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।

*********************