नई दिल्ली। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने राहत और बचाव कार्यों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने प्रभावित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश को हरसंभव केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
अमित शाह के अनुसार, चक्रवात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं, ताकि आपदा के प्रभाव को कम किया जा सके और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
स्थिति का आकलन करने पहुंचेगी केंद्रीय टीम
गृह मंत्री ने बताया कि चक्रवात से हुए नुकसान और आपदा के प्रभाव का आकलन करने के लिए जल्द ही अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें (IMCT) भेजी जाएंगी। ये टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेंगी और नुकसान का आकलन करेंगी। इसके आधार पर आगे की आवश्यक केंद्रीय सहायता तय की जाएगी।
केंद्र सरकार ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा की स्थिति में प्रभावित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
चक्रवात के मद्देनजर प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की सक्रियता बढ़ा दी गई है। अब केंद्रीय टीमों के दौरे और उनके आकलन के बाद प्रभावित क्षेत्रों के लिए आगे की राहत एवं सहायता की दिशा तय होगी।
******************************